पेले ने ब्राजील के विश्व कप से बाहर होने के बाद नेमार के समर्थन में संदेश भेजा

साओ पाउलो: ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले ने अपने देश के विश्व कप से बाहर होने के बाद नेमार को राष्ट्रीय टीम की तरफ से सर्वाधिक गोल करने के उनके रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए बधाई दी। पेले सांस संबंधी परेशानियों के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। ब्राजील के क्वार्टर फाइनल में क्रोएशिया के हाथों पेनल्टी शूटआउट में हारने के बाद पेले ने इंस्टाग्राम पर अपना संदेश पोस्ट किया।

बयासी वर्षीय पेले ने नेमार के लिए अपने संदेश में कहा,‘‘ मैंने आपको बड़े होते हुए देखा है और मैंने हर दिन आपके लिए जश्न मनाया है और अब मैं आखिर में ब्राजील की तरफ से सर्वाधिक गोल करने के मेरे रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए आपको बधाई दे सकता हूं। हम दोनों जानते हैं कि इनका महत्व आंकड़ों से भी अधिक है।’’

उन्होंने कहा,‘‘ खिलाड़ी के रूप में हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य प्रेरित करना होता है। वर्तमान के हमारे साथियों, भावी पीढ़ी और इन से भी बढ़कर इस खेल के चाहने वालों को प्रेरित करना। दुर्भाग्य से आज हमारे लिए सबसे खुशी का दिन नहीं रहा।’’

पेले ने कहा, ‘‘मैंने अपना रिकॉर्ड लगभग 50 साल पहले बनाया था और अब तक उसके करीब कोई नहीं पहुंचा था। अब आप यहां तक पहुंचे हो जिससे पता चलता है यह कितनी बड़ी उपलब्धि है।’’

नेमार ने क्रोएशिया के खिलाफ गोल दागा जो उनका अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 77वां गोल था। इससे उन्होंने पेले के रिकॉर्ड की बराबरी। ब्राजील इस मैच में पेनल्टी शूटआउट में क्रोएशिया से 4-2 से हार गया था। पेले ने कहा,‘‘ हमारे लिए प्रेरणा स्रोत बने रहो। आपके हर गोल पर मैं आगे भी जश्न मनाता रहूंगा जैसा कि मैं पहले भी करता रहा हूं।’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button