
कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के सिलचर में हजारों करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद राज्य की जनता को संबोधित किया। इसके बाद प्रधानमंत्री बंगाल रवाना हो गए। पीएम मोदी का असम और बंगाल दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि इस राज्य में विधानसभा चुनाव कराए जाने हैं। प्रधानमंत्री कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भाजपा की चुनावी रैली को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और विपक्षी दल- भाजपा के कार्यकर्ताओं की झड़प की खबर भी सामने आई।
मजबूत संपर्क और आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित बंगाल की बुनियाद बनेंगे: पीएम मोदी
कोलकाता में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बंगाल ने हमेशा ने भारत को दिशा दिखाई है। बंगाल एक बार फिर विकसित बंगाल बनकर उस गौरव को हासिल करेगा। मुझे विश्वास है कि मजबूत संपर्क और आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित बंगाल की बुनियाद बनेंगे।
बंदरगाह और जल परिवहन की भूमिका अहम और निर्णायक: पीएम मोदी
प्रधाननमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, बंदरगाह और जल परिवहन की भूमिका अहम और निर्णायक है। दशकों तक पूर्वी भारत की इस क्षमता की उपेक्षा की गई। हालांकि, आज जलमार्ग व्यापार और औद्योगिक प्रगति के नए रास्ते खोल रहे हैं। कोलकाता और हल्दिया जैसे बंदरगाह लंबे समय से पूर्वी भारत में व्यापार के प्रमुख केंद्र रहे हैं। वर्तमान में हल्दिया डॉक कॉम्पलेक्स का मशीनीकरण चल रहा है। इस पहल से माल ढुलाई में तेजी आएगी।
पीएम मोदी ने करीब 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया
प्रधाननमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में एक जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री करीब 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत को नई गति प्रदान करेंगी। इनसे व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। लाखों लोगों की जीवन आसान होगा और उनके लिए नए अवसर खुलेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, खड़गपुर-मोरग्राम एक्सप्रेसवे पूरा होने से पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। देश के रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण के लिए एक तेज अभियान अभी चल रहा है। हमारा दृढ़ संकल्प है कि पश्चिम बंगाल इस प्रयास में पीछे न रहे। केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के रेलवे बुनियादी ढांचे के तेजी से विस्तार के लिए ठोस प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री ने हजारों करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया
प्रधानमंत्री ने असम में हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन के दौरान पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों को आड़े हाथ लिया। पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि जितनी बड़ी राशि असम के विकास पर खर्च की जा रही है, कांग्रेस के लोगों के लिए इतनी बड़ी रकम लिखना भी मुश्किल है।



