ओडिशा के छात्र की मौत पर टिप्पणी को लेकर प्रधान ने राहुल पर साधा निशाना, ‘सस्ती राजनीति’

भुवनेश्वर. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और उन पर ओडिशा के बालासोर जिले में कॉलेज छात्रा की मौत को लेकर ”ओछी राजनीति” करने का आरोप लगाया. प्रधान ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमेशा महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के लिए ठोस कदम उठाए हैं, जबकि कांग्रेस हर दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अवसर तलाशती रही है.

यह बयान गांधी के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि देश इस घटना पर प्रधानमंत्री की ”चुप्पी” नहीं बल्कि जवाब मांग रहा है. प्रधान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”ओडिशा की बेटी से जुड़ी दुखद घटना पर राहुल गांधी और कांग्रेस द्वारा की जा रही ओछी राजनीति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. एक गंभीर और संवेदनशील मामले को राजनीतिक हथियार बनाना राहुल गांधी की ओछी मानसिकता को दर्शाता है.” उन्होंने कहा, ”ओडिशा की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है, लेकिन कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए इस मौके का फायदा उठाया है.” प्रधान ने कहा कि ओडिशा की भाजपा सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा, “हालांकि, यह ओछी राजनीति का समय नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का समय है. राहुल गांधी को अपने गैरजिम्मेदाराना बयान के लिए पीड़ित परिवार से तुरंत माफी मांगनी चाहिए.” बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) महाविद्यालय की एकीकृत बीएड पाठ्यक्रम की द्वितीय वर्ष की छात्रा ने एक शिक्षक द्वारा कथित तौर पर ”यौन उत्पीड़न” किए जाने के मामले में न्याय न मिलने पर आत्मदाह कर लिया था. तीन दिन तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद छात्रा ने भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान (एम्स) में सोमवार रात दम तोड़ दिया.

शिक्षक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से आहत छात्रा ने शनिवार को आत्मदाह कर लिया था और वह 95 प्रतिशत तक जल गई थी. राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया, ”ओडिशा में इंसाफ के लिए लड़ती एक बेटी की मौत, सीधे-सीधे भाजपा के सिस्टम द्वारा की गई हत्या है. उस बहादुर छात्रा ने यौन शोषण के खिलाफ आवाज उठाई, लेकिन न्याय देने के बजाय उसे धमकाया गया, प्रताड़ित किया गया, बार-बार अपमानित किया गया.”

उन्होंने कहा, ”जिन्हें उसकी रक्षा करनी थी, वही उसका दमन करते रहे. हर बार की तरह भाजपा का सिस्टम आरोपियों को बचाता रहा और एक मासूम बेटी को खुद को आग लगाने पर मजबूर कर दिया.” राहुल गांधी ने दावा किया कि ये आत्महत्या नहीं, ‘सिस्टम’ द्वारा संगठित हत्या है. उन्होंने कहा, ”मोदी जी, ओडिशा हो या मणिपुर – देश की बेटियां जल रही हैं, टूट रही हैं, दम तोड़ रही हैं. और आप खामोश बैठे हैं.” राहुल गांधी ने कहा, ”देश को आपकी चुप्पी नहीं, जवाब चाहिए. भारत की बेटियों को सुरक्षा और इंसाफ चाहिए.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button