प्रशांत किशोर कभी ‘बुलडोजर’ और ‘मॉब लिंचिंग’ पर नहीं बोलते: राजद सांसद मनोज झा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 03 Sep 2024 07:38 PM
प्रशांत किशोर कभी ‘बुलडोजर’ और ‘मॉब लिंचिंग’ पर नहीं बोलते: राजद सांसद मनोज झा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने पार्टी नेता तेजस्वी यादव को लेकर दिए गए बयान के लिए चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर निशाना साधा और ‘मॉब लिंचिंग’ तथा ‘बुलडोजर’ जैसे मुद्दों को लेकर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया. कुछ महीने पहले अपनी ‘जन सुराज पार्टी’ की स्थापना करने वाले किशोर ने बिहार के भोजपुर में एक सभा में राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री यादव की योग्यता पर सवाल उठाया था. किशोर ने कहा था कि ‘एक नौवीं फेल’ बिहार का विकास कर रहा है.

झा ने कहा, ”प्रशांत किशोर कहते हैं कि तेजस्वी जी का कोई महत्व नहीं है, लेकिन जब वह दो घंटे तक बोलते हैं तो उसमें से एक घंटा 54 मिनट तेजस्वी जी के बारे में बोलते हैं.” उन्होंने कहा, ”यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 11वां साल है और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करीब 19 साल से इस पद पर हैं, लेकिन उन्हें समस्या तेजस्वी जी से है. उनके (किशोर के) बयानों में पूर्वाग्रह भी है.”

अगले बिहार विधानसभा चुनाव में मुस्लिम उम्मीदवारों को प्रमुखता से अवसर दिए जाने के किशोर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए झा ने कहा, ”वह मुस्लिमों के बारे में बात करते हैं लेकिन मैंने उन्हें कभी बुलडोजर पर बात करते नहीं सुना जब मुसलमानों के घर गिराये जाते हैं. कभी उन्हें मुस्लिमों की सुरक्षा पर या मॉब लिचिंग पर बात करते नहीं सुना.”

तेजस्वी यादव ने दिल्ली के आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की थी और खेल में कॅरियर बनाने के लिए 10वीं कक्षा की परीक्षा नहीं दी थी. उनका चयन दिल्ली की अंडर-17 और अंडर-19 क्रिकेट टीम में हो गया था और वह अंडर-19 विश्वकप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम में भी अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में चुने गए थे. किशोर ने रविवार को कहा था कि उनकी पार्टी 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में कम से कम 40 मुस्लिमों को मौका देगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu