प्रधानमंत्री मोदी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं : वैष्णव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 26 Apr 2024 07:57 PM
प्रधानमंत्री मोदी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं : वैष्णव
ऑडियो सुनें

राजकोट. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और देश के लोग भाग्यशाली हैं कि उन्हें ऐसा मेहनती तथा दूरदर्शी नेतृत्व मिला है.
वैष्णव ने गुजरात के राजकोट शहर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही. उन्होंने कांग्रेस पर 1950 से 1990 के बीच का समय तथा 2004 से 2014 तक संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के शासनकाल के दस वर्षों समेत पांच दशक बर्बाद करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 1947 में जब देश को आजादी मिली तो वह उत्साह से लबालब था.

वैष्णव ने राजकोट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ” लेकिन, दुर्भाग्य से 1947 के बाद पहले चार दशकों में जो सरकारें आईं, उन्होंने भारत की मूल शक्तियों और उद्यमशीलता की भावना को खत्म कर दिया. वर्ष 1950 से 1990 के बीच के हमारे चार दशक बर्बाद हुए .” उन्होंने कहा, ” आज के युवा उद्यमियों को इस बात पर विश्वास नहीं होगा कि उन दिनों अगर आप अपनी कार के स्टीयरिंग का डिजाइन बदलना चाहते थे या अपनी फैक्टरी में उत्पादन बढ.ाना चाहते थे तो आपको दिल्ली में एक कांग्रेस नेता से संपर्क करना पड़ता था. ऐसी ही बदतर स्थिति उस समय कांग्रेस शासन में थी. ” वैष्णव ने कहा कि हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने स्थिति में सुधार के लिए कदम उठाए, लेकिन 2004 और 2014 के बीच कांग्रेस शासन में सब कुछ शून्य हो गया.

उन्होंने कहा, आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और निकट भविष्य में दुनिया में चौथा स्थान हासिल कर सकता है. केंद्रीय संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने कहा, ” वर्ष 2004 में हमारा स्थान दुनिया में 11वां था. वर्ष 2004 से 2014 के बीच सभी को उम्मीद थी कि हम कुछ स्थान ऊपर जायेंगे. लेकिन, जब 2014 में मोदी जी ने सत्ता संभाली, तो हम 11वें स्थान पर ही थे. वर्ष 2004 से 2014 के दशक में इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ. तो हमने वो दस साल गंवा दिये.” रेल मंत्री ने कहा कि मोदी ने भारत के वित्तीय क्षेत्र को ठीक किया, आत्मविश्वास वापस लेकर आए और जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) जैसे सुधार लागू किए. उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. वैष्णव ने कहा कि विकसित भारत की रूपरेखा तैयार करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने 20 लाख से ज्यादा लोगों से सुझाव लिए और कई चर्चाओं में हिस्सा लिया.

उन्होंने कहा, ”पांच साल की मध्यम अवधि की योजना भी तैयार है. ऐसे दूरदर्शी नेतृत्व के बिना कोई देश प्रगति नहीं कर सकता. हम भाग्यशाली हैं कि हमारा नेतृत्व इतनी मेहनत कर रहा है. प्रधानमंत्री भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं.” वैष्णव ने कहा कि जब मोदी ने 2014 में देश की कमान संभाली थी तब प्रतिदिन लगभग चार किलोमीटर रेल की नयी पटरियां बिछाई जाती थीं. उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय आज प्रतिदिन 15 किलोमीटर रेल की नयी पटरियां बिछा रहा है. उन्होंने कहा, ” पिछले साल, हमने बेल्जियम या स्विट्जरलैंड के पूरे रेलवे नेटवर्क में करीब 5,300 किलोमीटर नयी रेलवे पटरियां बिछाईं. यही वह गति है जिस पर हम काम कर रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu