प्रधानमंत्री मोदी ने की मॉरीशस के राष्ट्रपति गोखुल से मुलाकात, उन्हें गंगाजल भेंट किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 11 Mar 2025 05:13 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने की मॉरीशस के राष्ट्रपति गोखुल से मुलाकात, उन्हें गंगाजल भेंट किया
ऑडियो सुनें

पोर्ट लुईस: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मॉरीशस के राष्ट्रपति धरम गोखुल से मुलाकात की और उन्हें महाकुंभ का गंगाजल उपहार स्वरूप भेंट किया। मंगलवार सुबह दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर मॉरीशस पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने गोखुल को कई अन्य उपहार भी दिए।

राष्ट्रपति गोखुल से मुलाकात करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के अपने समकक्ष नवीनचंद्र रामगुलाम से भेंट की और दोनों नेताओं ने सर शिवसागर रामगुलाम बोटैनिकल गार्डन में एक पौधा लगाया। मोदी के यूट्यूब चैनल के अनुसार, प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति गोखुल से मुलाकात की और उन्हें महाकुंभ के गंगाजल समेत कई उपहार दिए।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक महाकुंभ मेला आयोजित हुआ, जिसमें गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के संगम पर बड़ी संख्या में लोगों ने डुबकी लगाई। इससे पहले, करीब एक दशक बाद मॉरीशस पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने (मोदी ने) पिछली बार 2015 में मॉरीशस की यात्रा की थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि मोदी के समकक्ष रामगुलाम और अन्य नेताओं ने उनका रस्मी स्वागत किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘यह भारत और मॉरीशस के मजबूत संबंधों को दर्शाता है।’’ जायसवाल ने बताया कि शिवसागर रामगुलाम को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मोदी ने राष्ट्रपति से मुलाकात की और वह राजकीय भोज में भाग लेंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital