
पुरी: ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर में बुधवार शाम विशेष अनुष्ठान के कारण श्रद्धालुओं के लिए दर्शन चार घंटे तक बंद रहेंगे। मंदिर प्रशासन ने यह जानकारी दी। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) की ओर से जारी एक सार्वजनिक सूचना के अनुसार, ‘बनक लागी’ अनुष्ठान के लिए बुधवार शाम छह बजे से रात 10 बजे तक दर्शन स्थगित रहेंगे।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, ‘बनक लागी’ जिसे ‘श्रीमुख श्रृंगार’ भी कहा जाता है, एक विशेष धार्मिक अनुष्ठान है जिसमें भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के विग्रहों के मुखमंडल को नए सिरे से रंगों से सजाया जाता है।
यह अनुष्ठान परंपरागत रूप से ‘दत्ता महापात्र’ नामक सेवायत वर्ग करते हैं। एक सेवायत ने बताया कि विग्रहों के मुखमंडल के श्रृंगार के लिए जड़ी-बूटियों और अन्य प्राकृतिक पदार्थों से तैयार रंगों का उपयोग किया जाता है। इनमें ‘कस्तूरी’ (मृगनाभि) और ‘कर्पूर’ (कपूर) जैसे पदार्थ भी शामिल होते हैं। अनुष्ठान की अवधि के दौरान श्रद्धालुओं का प्रवेश और दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। अनुष्ठान के बाद मंदिर पुन? दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया जाएगा।



