पुतिन और असद ने सीरिया के पुर्निनर्माण और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 16 Mar 2023 11:58 AM
पुतिन और असद ने सीरिया के पुर्निनर्माण और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत की
ऑडियो सुनें

मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को ‘क्रेमलिन’ में सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद के साथ वार्ता की, जिसमें विनाशकारी गृहयुद्ध के बाद सीरिया के पुर्निनर्माण और मध्यपूर्व में स्थिरता के प्रयासों पर चर्चा हुई। वार्ता शुरू होने से पहले असद का स्वागत करते हुए पुतिन ने सीरिया को स्थिर बनाने में रूसी सेना के ‘‘निर्णायक योगदान’’ पर जोर दिया। दोनों नेताओं के बीच यह वार्ता ऐसे समय पर हुई है जब सीरिया में गृहयुद्ध छिड़ने के 12 साल पूरे हो गए हैं।

रूस ने सितंबर 2015 में ईरान के साथ मिलकर सीरिया में सैन्य अभियान शुरू किया था, जिसका मकसद देश के अधिकतर क्षेत्र को वापस पाने के लिए सशस्त्र विद्रोही समूहों के खिलाफ लड़ाई में असद सरकार को समर्थन देना था। रूस ने फिलहाल अपने सैन्य संसाधनों का बड़ा हिस्सा यूक्रेन पर केंद्रित कर रखा है। फिर भी उसने सीरिया में अपनी सैन्य पकड़ बना रखी है और वहां अपने ठिकानों पर युद्धक विमान तथा सैनिक तैनात कर रखे हैं।

असद ने सीरिया की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का समर्थन करने पुतिन का आभार व्यक्ति किया। उन्होंने इस बात को भी रेखांकित किया कि यूक्रेन में जारी लड़ाई के बावजूद सीरिया के प्रति रूस का समर्थन बरकरार है। असद ने कहा, ‘‘रूस अब भी विशेष अभियान चला रहा है, लेकिन फिर भी उसकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।’’

रूस यूक्रेन में जारी अपनी कार्रवाई को विशेष सैन्य अभियान बताता रहा है। दोनों नेताओं के बीच दो दौर की बातचीत हुई, जो तीन घंटे से अधिक समय तक चली। पहले दौर की बातचीत में दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए जबकि दूसरे चरण की वार्ता दोपहर भोज के समय दोनों नेताओं के बीच हुई।

रूसी और सीरियाई रक्षा मंत्रियों ने अलग से मुलाकात कर सैन्य सहयोग पर चर्चा की। सीरिया में पिछले 12 साल में विद्रोह के गृह युद्ध में तब्दील होने के बाद हुई घटनाओं में करीब पांच लाख लोग मारे गए हैं और लगभग आधी आबादी विस्थापित हुई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav