पुतिन के सहयोगी पत्रुशेव ने एनएसए डोभाल से बातचीत की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 17 Nov 2025 08:55 PM
पुतिन के सहयोगी पत्रुशेव ने एनएसए डोभाल से बातचीत की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगी निकोले पेत्रुशेव ने सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की. जानकारी के मुताबिक बातचीत मुख्यत? अगले महीने की शुरुआत में राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा पर केंद्रित रही. पत्रुशेव ने भारत के राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समन्वयक वाइस एडमिरल बिस्वजीत दासगुप्ता से भी मुलाकात की. रूस के राष्ट्रपति पुतिन के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वार्षिक शिखर वार्ता के लिए पांच दिसंबर के आसपास भारत आने की उम्मीद है.

शिखर सम्मेलन से द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में प्रगति होने की उम्मीद है. विदेश मंत्री एस जयशंकर इस समय अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ वार्ता के लिए मॉस्को में हैं. जयशंकर की इस यात्रा को भी पुतिन की यात्रा की तैयारियों का एक हिस्सा माना जा रहा है.

भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में मोदी और पुतिन द्वारा दोनों देशों के बीच ”विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी” को और विस्तारित करने पर विचार-विमर्श किये जाने की उम्मीद है. भारत और रूस के बीच एक तंत्र है जिसके तहत भारत के प्रधानमंत्री और रूसी राष्ट्रपति संबंधों के संपूर्ण आयाम की समीक्षा के लिए प्रतिवर्ष शिखर बैठक करते हैं. अब तक भारत और रूस में बारी-बारी से 22 वार्षिक शिखर बैठकें हो चुकी हैं. पिछले वर्ष जुलाई में मोदी वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए मास्को गये थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu