बुमराह की जगह रबाडा टेस्ट के शीर्ष रैंकिंग वाले गेंदबाज बने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Oct 2024 08:43 PM
बुमराह की जगह रबाडा टेस्ट के शीर्ष रैंकिंग वाले गेंदबाज बने
ऑडियो सुनें

दुबई. दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा बुधवार को जारी आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) पुरुष टेस्ट खिलाड़ी रैंकिंग में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पछाड़कर शीर्ष गेंदबाज बन गये. मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के दौरान शानदार लय में चल रहे दायें हाथ के गेंदबाज रबाडा ने हाल ही में मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में नौ विकेट झटक कर इस प्रारूप में अपने 300 विकेट पूरे किये थे. दक्षिण अफ्रीका ने मीरपुर में खेले गये इस मैच को सात विकेट से जीता था. बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ पुणे में खेले गये भारत के दूसरे टेस्ट मैच में एक भी विकेट लेने नाकाम रहे थे. वह दो स्थान नीचे खिसककर तीसरे पायदान पर आ गये है. ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड दूसरे स्थान पर हैं.

भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी दो स्थान के नुकसान के साथ चौथी रैंकिंग पर खिसक गये हैं. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस भी शीर्ष पांच गेंदबाजों में शामिल हैं. रावलपिंडी में हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले पाकिस्तान के स्पिनर नोमान अली शीर्ष 10 में नये सदस्य है.

भारत पर ऐतिहासिक श्रृंखला जीत के दौरान न्यूजीलैंड के नायक बन कर उभरे मिचेल सेंटनर ने अपनी रैंकिंग में 30 स्थान की सुधार की. पुणे टेस्ट में 13 विकेट लेने वाला यह वामहस्त स्पिनर रैकिंग में 44वें स्थान पर पहुंच गया है. बल्लेबाजों की सूची में युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल पुणे में न्यूजीलैंड के खिलाफ 30 और 77 रनों के योगदान के बाद एक पायदान ऊपर तीसरे स्थान पर पहुंच गए. वह इस प्रारूप में भारत के शीर्ष रैंक के बल्लेबाज बने हुए हैं. विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और विराट कोहली की बल्लेबाजी रैंकिंग में गिरावट आई है. पंत जहां पांच स्थान गिरकर 11वें स्थान पर हैं, वहीं कोहली छह स्थान फिसलकर 14वें स्थान पर हैं.

न्यूजीलैंड के डेवोन कोन्वे (आठ पायदान ऊपर 28वें), टॉम लाथम (छह पायदान ऊपर 34वें) और ग्लेन फिलिप्स (16 पायदान ऊपर 45वें) और दक्षिण अफ्रीका के काइल वेरिन (14 पायदान ऊपर 32वें) ने इस रैंकिंग में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है. भारत के रविंद्र जडेजा (नंबर एक) और अश्विन (नंबर दो) टेस्ट हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिंग में शीर्ष पर अच्छी बढ़त बनाए हुए हैं. बांग्लादेश के स्टार मेहदी हसन दो स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu