महाराष्ट्र में प्रवेश से पहले सावरकर पर टिप्पणी के लिए माफी मांगें राहुल-बावनकुले

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 14 Apr 2023 09:13 PM
महाराष्ट्र में प्रवेश से पहले सावरकर पर टिप्पणी के लिए माफी मांगें राहुल-बावनकुले
ऑडियो सुनें

नागपुर. भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को यहां कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को महाराष्ट्र में प्रवेश करने से पहले दिवंगत हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर के खिलाफ अपनी टिप्पणी वापस लेनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए. बावनकुले के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि गांधी को राज्य का दौरा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अनुमति की आवश्यकता नहीं है.

बावनकुले पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलने के लिए गांधी के मुंबई जाने की चर्चाओं के बारे में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे.
ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के बैनर तले सरकार बनाई थी. पिछले साल शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे की बगावत के चलते यह सरकार गिर गई थी और शिंदे भाजपा से हाथ मिलाकर मुख्यमंत्री बन गए थे. भाजपा आरोप लगाती रही है कि गांधी बार-बार सावरकर का “अपमान” कर रहे हैं.

बावनकुले ने कहा, ‘‘अगर राहुल गांधी मातोश्री (मुंबई में ठाकरे के घर) जाते हैं, तो हमें कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन राहुल गांधी ने बार-बार और जानबूझकर सावरकर को निशाना बनाया. इसलिए, महाराष्ट्र आने से पहले उन्हें माफी मांगनी चाहिए और सावरकर के खिलाफ अपनी टिप्पणी वापस लेनी चाहिए.’’ गांधी ने हाल ही में विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए अपनी पार्टी के प्रयासों के तहत राकांपा प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की, जिससे ठाकरे के साथ उनकी संभावित बैठक की चर्चा शुरू हो गई.

पिछले महीने मालेगांव में एक रैली को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा था कि वह सावरकर को अपना “आदर्श” मानते हैं और कांग्रेस नेता को उनका “अपमान” करने से परहेज करना चाहिए. उन्होंने कहा कि एमवीए का गठन लोकतंत्र की रक्षा के लिए किया गया था और इसके लिए एकजुट होकर काम करना जरूरी है. ठाकरे ने यह भी कहा था कि जानबूझकर गांधी को भड़काने की कोशिश की जा रही है.

गांधी ने पिछले महीने कहा था, “मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है और गांधी किसी से माफी नहीं मांगते.” बावनकुले के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रमुख पटोले ने कहा कि बावनकुले को उनकी अपनी पार्टी में भी कोई “तवज्जो” नहीं मिलती है. पटोले ने कहा, “वह राहुल गांधी को कैसे रोकेंगे? राहुल गांधी जब भी महाराष्ट्र आना चाहेंगे, वह आएंगे और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़े उत्साह के साथ उनका स्वागत करेंगे. राहुल गांधी को महाराष्ट्र आने के लिए भाजपा, बावनकुले या किसी से अनुमति की आवश्यकता नहीं है.”

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राहुल गांधी से डरते हैं. दर्जनों मंत्री और विधायक रोजाना राहुल गांधी की आलोचना करते रहते हैं. राहुल गांधी के दौरे की अभी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वह जल्द ही महाराष्ट्र का दौरा करेंगे. राहुल गांधी को महाराष्ट्र आने से कोई नहीं रोक सकता.” पटोले ने यह भी कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान है, किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन भाजपा सरकार ध्यान नहीं दे रही है.

कांग्रेस नेता ने कहा, “भाजपा के शासन से तंग आ चुके लोगों ने हाल के विधान परिषद, विधानसभा उपचुनावों और स्थानीय निकाय चुनावों में इसे अपनी जगह दिखाई है.” उन्होंने कहा कि भाजपा प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के माध्यम से “दमन की राजनीति कर” खुद का विस्तार करने की कोशिश कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu