राहुल गांधी अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट करें : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Aug 2024 07:29 PM
राहुल गांधी अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट करें : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की जम्मू-कश्मीर यात्रा पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस नेता से अनुच्छेद 370 एवं अनुच्छेद 35ए पर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट करने के लिये कहा. भाजपा महासचिव एवं केंद्रशासित प्रदेश के लिए पार्टी के संगठन प्रभारी तरुण चुघ ने कहा कि इस दौरे से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा क्षेत्र में लाई गई ‘शांति और विकास’ से राहुल गांधी को परिचित होने का अवसर मिलेगा.

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘तीन परिवारों’ ने पिछले कई दशकों से अपनी नीतियों से जम्मू-कश्मीर में अलगाववाद और आतंकवाद के माहौल को भड़काया है जबकि 2014 में केंद्र में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद वहां स्थितियां बदली हैं. जम्मू एवं कश्मीर में भाजपा नेता अक्सर कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर निशाना साधने के लिए ‘तीन परिवारों’ का जिक्र करते हैं. चुघ ने कहा कि कश्मीर की पहचान अब पर्यटन से है, आतंकवाद से नहीं.

सरकार ने अगस्त 2019 में अनुच्छेद 35ए और अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया था और इसे दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया था. विपक्षी ‘इंडिया’ के दोनों घटक नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी ने दोनों अनुच्छेदों को बहाल करने की मांग की है. हालांकि, कांग्रेस का जोर जम्मू-कश्मीर के राज्य के दर्जे की बहाली पर रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu