
नयी दिल्ली. संसद का बजट सत्र शुरू होने से एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि संविधान के जिस ‘पॉकेट-संस्करण’ को अक्सर राहुल गांधी और उनके अन्य सहयोगियों द्वारा प्रर्दिशत किया जाता है, वह इसके प्रति विपक्षी दल के अनादर को प्रर्दिशत करता है.
भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि अगर राहुल गांधी संविधान की इस प्रति का अध्ययन करेंगे, तो उन्हें कांग्रेस के ‘काले कृत्यों’ का पता चल जाएगा, जिसमें उनकी सरकार द्वारा आपातकाल लगाना और संवैधानिक मानदंडों और दिशानिर्देशों का उल्लंघन करना भी शामिल है. उन्होंने दावा किया कि संस्करण की प्रस्तावना में पार्टी के निंदनीय कृत्य और संवैधानिक सिद्धांतों और दिशानिर्देशों के उल्लंघन का उल्लेख है.
उन्होंने कहा कि एक संस्करण में वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने लिखा है कि कैसे न्यायपालिका को तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा धमकी दी जाती थी. उन्होंने वेणुगोपाल के लेख का हवाला देते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ‘प्रतिबद्ध न्यायपालिका’ का आह्वान किया था.
भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर कहा, ”ऐसा लगता है कि तीसरी बार विफल रहे राहुल गांधी ने उस संविधान की प्रति भी नहीं खोली है, जिसे वह दिखाते रहते हैं.” भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ”काश, युवराज ने संविधान की वह प्रति पढ़ी होती जिसे वह चारों ओर दिखा रहे हैं! ” उन्होंने आरोप लगाया कि यह इसे नष्ट करने की कोशिश में उनके परिवार की भूमिका के बारे में बहुत कुछ कहता है.



