राहुल गांधी रविवार को कांग्रेस की ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कांस्टीट्यूशन’ मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 10 Apr 2026 03:47 PM
राहुल गांधी रविवार को कांग्रेस की ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कांस्टीट्यूशन’ मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस आंबेडकर जयंती से दो दिन पहले आगामी रविवार को यहां ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कांस्टीट्यूशन’ मैराथन का आयोजन करेगी, जिसे पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी हरी झंडी दिखाएंगे। पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा आयोजित की जा रही इस मैराथन की शुरूआत मंडी हाउस से होगी और समापन 26, अलीपुर रोड स्थित आंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक पर होगा। दिल्ली में 26, अलीपुर रोड वह पता है, जहां बाबासाहेब भीम राव आंबेडकर अपने जीवन के आखिरी कुछ वर्षों में रहे और यहीं पर 1956 में उनका महापरिनिर्वाण हुआ था।

कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने संवाददाताओं से कहा, ”अप्रैल का महीना हम सभी के लिए बेहद गौरवशाली है। इस महीने में देश के कई महानायकों ने जन्म लिया। इनमें ज्योतिबा फुले, बाबा साहेब आंबेडकर, राहुल सांकृत्यायन, बाबू जगजीवन राम और सम्राट अशोक का नाम शामिल है। इसलिए अप्रैल को हम ‘सामाजिक न्याय माह’ के रूप में मना रहे हैं।” उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को सुबह छह बजे मंडी हाउस से सामाजिक परिवर्तन मैराथन शुरू की जाएगी, जिसे ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कांस्टीट्यूशन’ नाम दिया गया है।

गौतम ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे और इसमें सांसद दीपेंद्र हुड्डा, तेलंगाना सरकार के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन और कांग्रेस के कई अन्य नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस मैराथन में प्रथम स्थान हासिल करने वाले को 50,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा तथा दूसरा स्थान पाने वाले को 25 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 15 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

गौतम ने कहा, ”इसके बाद, जो 20 नंबर तक के प्रतिभागी होंगे, उन्हें एक-एक हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, टी-शर्ट और मेडल दिए जाएंगे।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav