रायपुर: केजरीवाल ने भाजपा, कांग्रेस पर साधा निशाना, आप पार्टी को मौका देने की अपील की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Mar 2023 08:08 PM
रायपुर: केजरीवाल ने भाजपा, कांग्रेस पर साधा निशाना, आप पार्टी को मौका देने की अपील की
ऑडियो सुनें

रायपुर. दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरंिवद केजरीवाल ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पर पिछले 23 वर्षों से छत्तीसगढ़ को लूटने का आरोप लगाया. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राज्य को भ्रष्टाचार और ‘माफिया राज’ से छुटकारा दिलाने के लिए उनकी पार्टी को एक मौका दें.

छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंकते हुए उन्होंने लोगों से वोट डालने से पहले अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखने को कहा. केजरीवाल ने राजधानी रायपुर के बाहरी क्षेत्र में जोरा मैदान में ‘आप’ कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि वह उद्योगपति गौतम अडाणी को अपने ‘मुंह-बोला’ भाई की तरह प्यार करते हैं और देश में सब कुछ उन्हें सौंप रहे हैं.

दिल्ली आबकारी नीति मामले में हाल में गिरफ्तार किए गये ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया को एक ‘संत’ और ‘महात्मा’ बताते हुए उन्होंने कहा कि सिसोदिया को जेल में डालने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को दिल्ली के छात्रों और गरीब लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा.

उन्होंने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ खनिज संपन्न राज्य है, लेकिन राज्य के लोग प्रतिभावान और मेहनती होने के बावजूद गरीबी से जूझ रहे हैं… पिछले 23 वर्षों में (2000 में छत्तीसगढ़ को मध्य प्रदेश से अलग किए जाने के बाद), भाजपा ने 15 साल तक शासन किया, जबकि शेष अवधि में कांग्रेस ने इस पर राज किया. उन्होंने राज्य को लूटने के अलावा कुछ नहीं किया. यदि इनमें से कोई फिर से सत्ता में आया, तो यह लूट जारी रहेगी.’’ उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार और ‘माफिया राज’ से निजात पाने के लिए छत्तीसगढ़ में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मौका देने की अपील की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu