राउत ने बावनकुले पर कैसिनो में 3.5 करोड़ रुपये उड़ाने का लगाया आरोप, BJP ने किया पलटवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 Nov 2023 07:48 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले पर मकाऊ के एक कैसिनो में जुआ खेलते हुए साढ.े तीन करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगाया है. भाजपा ने इस आरोप के जवाब में सोशल मीडिया पर शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी की है जिसमें उनके हाथ में एक गिलास देखा जा सकता है. भाजपा ने इस तस्वीर के साथ पूछा है कि ”प्रदेश के पूर्व मंत्री किस ब्रांड की व्हिस्की पी रहे हैं?” राउत ने बावनकुले की एक तस्वीर साझा करते हुए दावा किया था कि यह चीन के विशेष प्रशासनिक क्षेत्र मकाऊ के एक कैसिनो की है.

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने आरोप लगाया कि बावनकुले ने वहां जुआ खेलते हुए केवल तीन घंटे में साढ.े तीन करोड़ रुपये उड़ा दिए थे.
भाजपा ने पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ”हमारे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बावनकुले ने अपने जीवन में कभी जुआ नहीं खेला और वह अपने परिवार के साथ वहां गए थे.” राउत पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा, ”जिनकी पूरी जिंदगी जुआ बन गई है, उन्हें कुछ और नहीं दिखाई दे सकता.” भाजपा ने एक तस्वीर के साथ लिखा, ”हम राउत से जानना चाहते हैं कि आदित्य ठाकरे के गिलास में किस ब्रांड की व्हिस्की है?”

राउत ने बाद में संवाददाताओं से कहा, ”मेरे पास उनकी (बावनकुले की) 27 तस्वीर और पांच वीडियो हैं, लेकिन मैं उन्हें जारी नहीं करने की मर्यादा का पालन कर रहा हूं. अगर मैं उन वीडियो को जारी कर दूं तो उन्हें और उनकी पार्टी को बड़ी र्शिमंदगी होगी.” राउत ने कहा, ”मुझे पता था कि (स्टांप पेपर घोटाले के मुख्य आरोपी) तेलगी ने एक डांस बार में केवल एक रात में एक करोड़ रुपये उड़ा दिए थे. क्या हमें बावनकुले के इस अनाप शनाप खर्च को अच्छे दिन कहना चाहिए?” उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अनेक ज्वलंत मुद्दे सामने हैं लेकिन बावनकुले कैसिनो और जुए के लिए मशहूर मकाऊ में मस्ती कर रहे हैं.

आदित्य ठाकरे की तस्वीर के बारे में पूछे जाने पर राउत ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने गिलास में जो चीज पीते हैं, आदित्य भी वही पीते दिख रहे हैं.” इस बीच उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह मुद्दा राउत की ‘विकृत मानसिकता’ और ‘कुंठा’ को दर्शाता है.

उन्होंने दावा किया कि बावनकुले अपने परिवार के साथ वहां गए थे और एक रेस्तरां में खाना खा रहे हैं जहां कैसिनो भी चलता है.
फडणवीस ने कहा, ”जानबूझकर अधूरी तस्वीर डाली गई है. पूरी तस्वीर में बावनकुले, उनकी पत्नी, बेटी और पूरा परिवार साफ दिख रहा है. उन्होंने कहा कि तस्वीरों से छेड़छाड़ कर इस तरह के आरोप लगाना राजनीति के गिरते स्तर को दिखाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu