अगर उकसाया तो तुरंत हमला करने के लिए तैयार हैं : इजराइल ने हिजबुल्लाह को दी चेतावनी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Feb 2024 08:27 PM
अगर उकसाया तो तुरंत हमला करने के लिए तैयार हैं : इजराइल ने हिजबुल्लाह को दी चेतावनी
ऑडियो सुनें

राफाह. इजराइल की सेना ने पड़ोसी देश लेबनान में हिजबुल्लाह को अब तक की विस्तृत चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसे उकसाया गया तो वह ”तुरंत हमला करने के लिए तैयार” है. इसके साथ ही इजराइली सेना ने गाजा में चार महीने से चल रहे युद्ध के दौरान उत्तरी सीमा पर हिजबुल्लाह की गतिविधियों का जिक्र किया और इस आतंकवादी समूह के खिलाफ सीरिया में कई हवाई हमले करने की बात भी स्वीकार की.

इजराइली सेना के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने कहा, ”युद्ध हमारी पहली प्राथमिकता नहीं है लेकिन हम निश्चित रूप से तैयार हैं. जहां भी हिजबुल्ला होगा तो हम कार्रवाई करते रहेंगे, पश्चिम एशिया में जहां भी जरूरत होगी हम कार्रवाई करते रहेंगे. जो लेबनान के लिए सही है, वही सीरिया के लिए भी सही है और वही ज्यादातर अन्य दूरस्थ स्थानों के लिए भी सही है.” ये टिप्पणियां रक्षा मंत्री की उस चेतावनी के बाद आयी हैं कि गाजा में चरमपंथी समूह हमास के खिलाफ संघर्ष विराम का मतलब यह नहीं है कि इजराइल जरूरत पड़ने पर हिजबुल्लाह पर हमला नहीं करेगा.

इस क्षेत्र में ईरान सर्मिथत समूहों के साथ व्यापक युद्ध की चिंताओं के बीच इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम को बढ़ाने के प्रयास जारी हैं. हमास के एक शीर्ष अधिकारी ओसामा हमदान ने बताया कि वे अमेरिका, मिस्र, कतर और इजराइल द्वारा दिए गए प्रस्ताव का अध्ययन कर रहे हैं और कहा कि इजराइल स्थायी संघर्ष विराम समेत कई शर्तें स्वीकार कर रहा है.

हमास शासित गाजा में युद्ध के कारण उसकी 85 फीसदी आबादी विस्थापित हो गयी है. गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में 107 लोगों की मौत हो गयी है जिससे युद्ध में अब तक मारे गए लोगों की संख्या 27,238 पहुंच गयी है. 66,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं.

अबू युसूफ अल-नज्जर अस्पताल के पंजीकरण कार्यालय के अनुसार, गाजा के दक्षिणी राफाह शहर में रात भर दो अलग-अलग हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी. अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, पहला हमला एक रिहायशी इमारत पर किया गया जिसमें एक ही परिवार के कम से कम 13 सदस्यों की मौत हो गयी. मृतकों में चार महिलाएं तथा तीन बच्चे शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu