
नयी दिल्ली. रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कंपनी में नौकरियों में कटौती की खबरों को भ्रामक बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि समूह ने पिछले वित्त वर्ष में 1.7 लाख लोगों को रोजगार दिये हैं. इसके साथ ही कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 6.5 लाख से ज्यादा हो गई है. उल्लेखनीय है कि बीते वित्त वर्ष 2023-24 की कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट में कर्मचारियों की संख्या में खासी कमी आने की बात कही गयी थी.
इसपर चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि कर्मचारियों की संख्या में गिरावट की वजह कर्मचारियों द्वारा नौकरी के एक अलग मॉडल का चुनाव था न कि उनका निकाला जाना. उन्होंने कहा, ह्लरोजगार सृजन की प्रकृति वैश्विक स्तर पर बदल रही है, जिसका मुख्य कारण तकनीकी हस्तक्षेप और लचीले व्यापार मॉडल हैं. इसलिए, रिलायंस सिर्फ पारंपरिक प्रत्यक्ष रोजगार मॉडल के बजाय, नए प्रोत्साहन-आधारित जुड़ाव मॉडल को अपना रही है. इससे कर्मचारियों को बेहतर कमाई करने में मदद मिलती है और उनमें उद्यम की भावना पैदा होती है. यही कारण है कि प्रत्यक्ष रोजगार के वार्षिक आंकड़ों में थोड़ी गिरावट दिखी है. हालांकि रिलायंस द्वारा सृजित कुल रोजगार में वृद्धि हुई है.ह्व अंबानी ने भारत के युवाओं के लिए रोजगार सृजन को सर्वोच्च राष्ट्रीय प्राथमिकता का दर्जा दिया. उन्होंने कहा कि कई एजेंसियों ने रिलायंस को भारत के सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता के रूप में स्थान दिया है. रिलायंस भारत में सबसे बड़े नियोक्ताओं में से एक है.
रिलायंस एक शेयर पर देगी एक बोनस शेयर, पांच सिंतबर को होगा फैसला
दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड अपने शेयरधारकों को एक शेयर पर एक बोनस शेयर देने का प्रस्ताव किया है. इस पर अंतिम निर्णय पांच सितंबर को निदेशक मंडल की बैठक में होगा. रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजारों को बोनस शेयर संबंधी प्रस्ताव की जानकारी दी.
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस ने इससे पहले सितंबर, 2017 में ‘बोनस शेयर’ जारी किए थे.
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ”कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक पांच सितंबर बृहस्पतिवार को होने वाली है. इसमें कंपनी के शेयरधारकों को एक पर एक के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की अनुशंसा को निदेशक मंडल के अनुमोदन के लिए रखा जाएगा.” रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कंपनी की वार्षिक आमसभा में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि निदेशक मंडल की पांच सितंबर को होने वाली बैठक में प्रति शेयर एक ‘बोनस शेयर’ जारी करने पर विचार किया जाएगा.
उन्होंने कहा, ”जब रिलायंस आगे बढ़ती है तो हम अपने शेयरधारकों को भी इसका लाभ देते हैं.” रिलायंस ने इससे पहले 2017 और 2009 में भी शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी किए थे. बोनस शेयर की घोषणा का असर रिलायंस के शेयरों में तेजी का रुझान देखा गया. कारोबार के अंत में रिलायंस का शेयर 1.50 प्रतिशत से अधिक चढ़ गया. बीएसई पर कंपनी के शेयर 1.51 प्रतिशत बढ़कर 3,040.85 रुपये पर बंद हुए. वहीं एनएसई पर यह शेयर 1.54 प्रतिशत चढ़कर 3,042.90 रुपये पर पहुंच गया. शेयरों के भाव में तेजी से कंपनी का बाजार मूल्यांकन भी 30,389.92 करोड़ रुपये बढ़कर 20,57,382.97 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
जियो ग्राहकों के लिए 100 जीबी क्लाउड स्टोरेज मुफ्त मिलेगा: अंबानी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कंपनी के एआई और क्लाउड प्ले खंड को विस्तार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि रिलायंस जियो के ग्राहकों को 100 जीबी तक मुफ्त क्लाउड स्टोरेज मिलेगा. जियो ग्राहक इस क्लाउड स्टोरेज में अपने फोटो, वीडियो, दस्तावेज, डिजिटल सामग्री और डेटा को सुरक्षित रूप से स्टोर कर पाएंगे. अंबानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की 47वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) को संबोधित करते हुए कहा कि ‘जियो एआई-क्लाउड वेलकम’ पेशकश को दिवाली के मौके पर जारी किया जाएगा.
उन्होंने कहा, “यह एक शक्तिशाली और किफायती समाधान लाएगा जहां क्लाउड डेटा स्टोरेज और डेटा-संचालित एआई सेवाएं हर किसी के लिए, हर जगह उपलब्ध होंगी.” अंबानी ने कहा, ह्लजियो ग्राहकों को 100 जीबी तक का मुफ्त क्लाउड स्टोरेज मिलेगा, जिससे वे अपने सभी फोटो, वीडियो, दस्तावेज, अन्य सभी डिजिटल कंटेंट और डेटा को सुरक्षित तरीके से स्टोर करने के अलावा उन तक पहुंच बना पाएंगे. इससे अधिक स्टोरेज की जरूरत वाले लोगों के लिए भी हमारे पास सबसे किफायती कीमतें होंगी.ह्व उन्होंने कहा कि जियो के मुताबिक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) कुछ चुनिंदा लोगों के लिए आरक्षित विलासिता नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि एआई सेवाएं सभी उपकरणों, न कि केवल महंगे, उच्च-स्तरीय उपकरणों पर ही उपलब्ध होनी चाहिए.



