बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से उज्जैन में विवाद खड़ा हो गया है। महाकाल मंदिर के पुजारी पं. महेश शर्मा, महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरि और साध्वी हर्षानंद गिरि ने बयान की निंदा करते हुए इसे व्यासपीठ की मर्यादा के खिलाफ बताया और माफी की मांग की।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम की तुलना करने और श्रीकृष्ण को तीन जगह से टेढ़ा कहने वाली टिप्पणी पर धार्मिक नगरी उज्जैन में बवाल मच गया है। महाकाल मंदिर के पुजारी, जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर और साध्वी हर्षानंद गिरि ने मोर्चा खोल दिया है। सभी ने एक स्वर में कहा – व्यासपीठ से भगवान का मजाक बर्दाश्त नहीं होगा।
जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी शैलेशानंद गिरि ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ज्ञान से पिछड़े हुए हैं। शब्दों की मर्यादा घातक होती है, शब्द ही हमारा चरित्र बता देते हैं। राजनीति हो या धर्म, हर जगह भाषाई अमर्यादा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राम और कृष्ण एक ही हैं। श्रीमद् भागवत में भी इसका उल्लेख है। फिर आज के कथावाचक भगवान में भेद क्यों कर रहे हैं? उन्हें यह अधिकार किसने दिया? धीरेंद्र इसके पहले भी ऐसी टिप्पणी कर चुके हैं, बार-बार टिप्पणी करना और फिर माफी मांगना क्षमा योग्य अपराध नहीं है। महामंडलेश्वर ने राजनेताओं को भी नसीहत दी। बोले- टोना-टोटका, पर्ची वाले बाबा को वोट बढ़ाने के लिए मंच पर बिठाना और लाभ लेना सही नहीं है। इसके दुष्परिणाम समय-समय पर सामने आते हैं, अब नेताओं को भी सजग होना होगा।
साध्वी हर्षानंद गिरि बोलीं – मीडिया में छाने की भूख है
साध्वी हर्षानंद गिरि ने कहा, लोगों को समझना होगा – कृष्ण ही राम हैं और राम ही कृष्ण हैं, महादेव ही राम हैं और राम ही महादेव हैं। भगवानों में कोई भिन्नता नहीं है, समय के अनुरूप उन्होंने अलग-अलग रूप धारण किए हैं। उन्होंने कहा, सामान्य व्यक्ति को यह समझाना ठीक है, लेकिन व्यासपीठ पर बैठे पीठाधीश्वर को यह समझाना पड़े, यह समझ से परे है। राम सीधे हैं और कृष्ण तीन जगह से टेढ़े भी हैं तो इसमें क्या परेशानी है? बंशी बजाने वाला पर्वत भी उठा सकता है, यह भगवान ने ही बताया है।