राजद नेता को मारी गोली, जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 03 Oct 2024 01:57 PM
राजद नेता को मारी गोली, जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती…
ऑडियो सुनें

मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता पंकज यादव को बृहस्पतिवार की सुबह सैर के दौरान अपराधियों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया। मुंगेर सदर पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि राजद के प्रदेश महासचिव पंकज यादव को अपराधियों ने हवाई अड्डा मैदान में सुबह की सैर के दौरान गोली मारकर जख्मी कर दिया है।

उन्होंने बताया कि यादव को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पंकज यादव के पिता रामचरित्र यादव ने आरोप लगाया कि एक मोटरसाइकिल पर सवार मिट्ठू यादव सहित दो अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

बताया जाता है कि मिट्ठू यादव बुधवार को पंकज यादव के पास किसी मामले में पुलिस के पास पैरवी करने का अनुरोध लेकर गया था जिससे पंकज ने इनकार कर दिया था। जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने इस घटना पर कहा कि 2005 के बाद से बिहार पुलिस का ट्रैक रिकार्ड रहा है कि अपराधी बच नहीं पाया है।

उन्होंने कहा ‘‘हमलावरों की बहुत जल्द गिरफ्तारी होगी, चाहे वह कोई भी हो, किसी दल के नेता, कार्यकर्ता हों या आमजन हों। अगर कोई घटना घटती है तो पुलिस से अपनी जिम्मेदारियां को बखूबी समझती है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav