रॉबर्ट वाद्रा फिर ईडी के सामने नहीं हुए पेश

नयी दिल्ली. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति रॉबर्ट वाद्रा ब्रिटेन निवासी हथियार सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में दूसरी बार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष अपनी तय गवाही के लिए पेश नहीं हुए. आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

वाद्रा के वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल अपनी बेटी के स्नातक समारोह में शामिल होने के लिए अदालत की ”पूर्व” अनुमति से विदेश यात्रा पर हैं. उन्हें 10 जून को पेश नहीं होने के बाद मंगलवार (17 जून) को पेश होने के लिए कहा गया था. संघीय जांच एजेंसी उनके जवाब पर गौर करने के बाद उन्हें नयी तारीख दे सकती है. अधिवक्ता सुमन ज्योति खेतान ने कहा कि यात्रा (17 जून को) की अनुमति नए समन की तामील से काफी पहले प्राप्त कर ली गई थी और ईडी को भी सूचना भेज दी गई.

खेतान ने कहा, ”वाद्रा ने बार-बार कहा है कि वह ईडी को पूरा सहयोग देने के लिए उपलब्ध हैं, जैसा कि उन्होंने पहले भी किया है, चाहे वह विदेश से लौटने पर हो या जरूरी होने पर विदेश में रहने के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बयान दर्ज कराने के लिए.” वह 10 जून के लिए जारी समन के अनुसार पेश नहीं हुए थे और कहा था कि नौ जून को उनमें फ्लू जैसे लक्षण थे और उन्होंने प्रोटोकॉल के अनुसार कोविड जांच कराई थी. समझा जाता है कि एजेंसी वाद्रा को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत बयान दर्ज करने के लिए तलब कर रही है जिसके बाद मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा.

संघीय जांच एजेंसी ने हरियाणा में 2008 के एक भूमि सौदे में कथित अनियमितताओं से जुड़े एक अलग धनशोधन मामले में अप्रैल में लगातार तीन दिन तक कारोबारी वाद्रा से पूछताछ की थी. ईडी द्वारा धनशोधन के तीन मामलों में उनसे पूछताछ की जा रही है.
भंडारी (63) आयकर विभाग द्वारा दिल्ली में छापेमारी के तुरंत बाद 2016 में लंदन भाग गया था. इस महीने की शुरुआत में ब्रिटेन की एक अदालत ने प्रत्यर्पण मामले में भंडारी को बरी किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के सर्वोच्च न्यायालय में अपील करने की अनुमति मांगने वाली भारत सरकार की अर्जी को खारिज कर दिया था, जिससे कानून का सामना करने के लिए उसे देश में लाए जाने की संभावना एक तरह से खत्म हो गई थी.

ईडी ने इस मामले में 2023 में आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि भंडारी ने 2009 में लंदन में 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर पर स्थित घर खरीदा और ‘रॉबर्ट वाद्रा के निर्देशों के अनुसार इसका नवीनीकरण कराया जिन्होंने नवीनीकरण के लिए धन मुहैया कराया था.” वाद्रा ने इस बात से इनकार किया है कि उनके पास प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लंदन में कोई संपत्ति है. आरोपों को ‘राजनीतिक षड्यंत्र’ करार देते हुए वाद्रा ने कहा कि राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उन्हें ‘परेशान’ किया जा रहा है.
ईडी राजस्थान के बीकानेर में एक भूमि सौदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े एक अलग धन शोधन मामले में भी वाद्रा के खिलाफ जांच कर रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button