रूस ने परमाणु हथियारों के अभ्यास की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 May 2024 10:34 PM
रूस ने परमाणु हथियारों के अभ्यास की घोषणा की
ऑडियो सुनें

मास्को. रूस ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन के साथ युद्ध में करीब से शामिल होने की संभावनाओं को लेकर पश्चिमी देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक के बाद एक टिप्पणियों से बढ़े तनाव के बीच वह युद्धक्षेत्र में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को लेकर सैन्य अभ्यास करने की योजना बना रहा है.

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पांचवे कार्यालय की शुरुआत की पूर्व संध्या पर यह घोषणा की गयी. रूस इस सप्ताह बृहस्पतिवार को ‘विजय दिवस’ के रूप में मनाएगा, जो द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी की हार का प्रतीक है. रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह अभ्यास ‘रूस के संबंध में कुछ पश्चिमी देशों के अधिकारियों के भड़काऊ बयानों और धमकियों’ के जवाब में है. रूस ने पहली बार सार्वजनिक रूप से सामरिक परमाणु हथियारों के साथ सैन्य अभ्यास की घोषणा की है हालांकि इसके सामरिक परमाणु बल नियमित रूप से अभ्यास करते रहते हैं.

सामरिक परमाणु हथियारों में हवाई बम, कम दूरी की मिसाइलों के लिए हथियार और तोपखाने के हथियार भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल युद्धक्षेत्र में अभ्यास के लिए किया जाएगा. हालांकि ये उन रणनीतिक हथियारों की तुलना में कम शक्तिशाली होते हैं, जो पूरे शहर को नष्ट करने का क्षमता रखते हैं. यह घोषणा यूक्रेन के पश्चिमी सहयोगियों के लिए एक चेतावनी प्रतीत होती है, जो दो साल से अधिक समय से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर लगातार गंभीर चिंता जता रहे हैं.

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पिछले सप्ताह दोहराया था कि वह यूक्रेन में सेना भेजने के विचार से इनकार नहीं कर रहे हैं. वहीं, ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन ने कहा कि कीव की सेना रूस के अंदर लक्ष्यों पर हमला करने के लिए ब्रिटेन के लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग कर सकेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu