रूस ने यूक्रेन में मिसाइल हमले किये तेज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Dec 2022 06:07 PM
रूस ने यूक्रेन में मिसाइल हमले किये तेज
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन की राजधानी कीव समेत अनेक क्षेत्र बृहस्पतिवार को रूस के मिसाइल हमलों से दहल गये जो राष्ट्रीय अवसंरचना पर सिलसिलेवार हमले का पिछले कुछ सप्ताह में सबसे बड़ा मामला है. देश के कई क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को तड़के हवाई हमले के प्रति चौकन्ना करने वाले सायरन बजने लगे. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोदोलयाक ने कहा कि रूस ने 120 से अधिक मिसाइलों से हमला किया है. किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई खबर नहीं है.

यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने रात में चुंिनदा क्षेत्रों में विस्फोट करने वाले ड्रोन भेजे और फिर सुबह अपने सामरिक विमानों और जहाजों से वायु और समुद्र आधारित क्रूज मिसाइलों के हमले शुरू कर दिये. यूक्रेन की बिजली और जल आपूर्ति पर रूस का ताजा हमला यहां लोगों की परेशानियां और बढ़ाने वाला है. कीव में क्षेत्रीय प्रशासन ने कहा कि मिसाइल हमले से बचाव के लिए वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय कर दिया गया है. कीव में विस्फोटों की आवाज सुनी गयी.

मेयर विताली क्लिश्चको ने कहा कि 14 साल की एक लड़की समेत कम से कम तीन लोग घायल हो गये जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने राजधानी में बिजली आपूर्ति बाधित होने की चेतावनी देते हुए लोगों से पानी जमा करने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज रखने को कहा है. खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने कहा कि यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर में अनेक विस्फोट हुए हैं. पोलैंड की सीमा से लगे ल्वीव शहर में भी विस्फोटों की आवाज सुनी गयी. यह जानकारी वहां के मेयर एंड्रिय सोदोवी ने दी.

विभिन्न क्षेत्रों में यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि कुछ रूसी मिसाइलों को मार गिराया गया. यूक्रेन के दक्षिणी माइकोलैव प्रांत के गवर्नर वितालिय किम ने कहा कि काला सागर के ऊपर पांच मिसाइलों को मार गिराया गया. यूक्रेनी सेना की एक कमान ने कहा कि सुमी क्षेत्र में दो मिसाइलों को मार गिराया गया.

कीव के जिला प्रशासन ने कहा कि वहां दार्नित्स्की में दो निजी इमारतों को रूसी मिसाइल हमलों में नुकसान पहुंचा है. नीपर नदी के दूसरी ओर के क्षेत्र में एक औद्योगिक संस्थान तथा खेल के एक मैदान को भी नुकसान पहुंचा है. लोगों के हताहत होने के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं है.

यूक्रेन के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर रूसी हमलों की कड़ी में बृहस्पतिवार का हमला ताजा है. मॉस्को अक्टूबर से हर सप्ताह इस तरह के हमले कर रहा है. दनिप्रो, ओडेसा और क्रिवी रीह क्षेत्रों में अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं को होने वाले नुकसान को कम से कम करने के लिए बिजली आपूर्ति रोक दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu