रूतुराज गायकवाड़ चोट के कारण बाहर, महेंद्र सिंह धोनी होंगे सीएसके के कप्तान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Apr 2025 08:18 PM
रूतुराज गायकवाड़ चोट के कारण बाहर, महेंद्र सिंह धोनी होंगे सीएसके के कप्तान
ऑडियो सुनें

चेन्नई. चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को बृहस्पतिवार को करारा झटका लगा जब नियमित कप्तान रूतुराज गायकवाड़ कोहनी के फ्रेक्चर के कारण आईपीएल से बाहर हो गए जिससे एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी को टीम की बागडोर मिली है . सीएसके के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इसकी पुष्टि की .

फ्लेमिंग ने शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले मैच से पहले मीडिया को बताया ,” रूतुराज गायकवाड़ कोहनी के फ्रेक्चर के कारण आईपीएल से बाहर हो गए हैं. हमारे पास एक ‘अनकैप्ड’ खिलाड़ी हैं, एम एस धोनी बचे हुए आईपीएल सत्र में टीम के कप्तान होंगे .” धोनी ने 2008 से 2023 तक सीएसके की अगुआई की थी और टीम को पांच आईपीएल खिताब दिलाए थे. उन्होंने 2024 सत्र से पहले गायकवाड़ को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी थी.

गायकवाड़ को 30 मार्च को जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट गेंद पर चोट लगी थी और तब से उन्होंने दो मैच खेले हैं. फ्लेमिंग ने कहा, ”उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में चोट लगी थी. वह दर्द के बावजूद खेल रहा था. हमने ‘एक्स रे’ कराया. फिर हमने एमआरआई करवाया जिसमें उनकी कोहनी में फ्रेक्चर का पता चला. ” गायकवाड़ दर्द के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में खेले. उनके हाथ में सूजन कम होने के बाद ही सीएसके की मेडिकल टीम एमआरआई करवा पाई.

फ्लेमिंग ने कहा, ”हम निराश हैं और उसके लिए दुखी हैं. हम उसके खेलने के प्रयासों की सराहना करते हैं, लेकिन वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया है. ” मुख्य कोच ने यह भी कहा कि गायकवाड़ ‘खेलना जारी रखना’ चाहते थे, लेकिन उनकी जगह किसी और को शामिल करना जरूरी था.

हालांकि गायकवाड़ पिछले पांच मैच टीम के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहे हैं लेकिन शीर्ष क्रम और मध्य क्रम के खराब प्रदर्शन से टीम को निराशा मिली. सीएसके 180 रन से ज्यादा का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई है. सीएसके के पास अब राहुल त्रिपाठी को शीर्ष तीन में वापस लाने के अलावा ज्यादा विकल्प नहीं हैं हालांकि वह अब तक अच्छा नहीं कर पाए हैं.

सीएसके के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक दीपक हुड्डा मध्य क्रम में आ सकते हैं. वहीं टीम ‘पावर हिटिंग’ के लिए दिल्ली के नए खिलाड़ी वंश बेदी को भी शामिल कर सकती है. चेन्नई की टीम वैकल्पिक खिलाड़ी के स्थान के लिए मुंबई के युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे को चुन सकती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu