सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी, दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी; एक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Oct 2024 08:03 PM
सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी, दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी; एक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता सलमान खान से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है और न देने पर उन्हें मार डालने की धमकी दी गई है. मुंबई पुलिस ने इस मामले में बांद्रा निवासी एक व्यक्ति को बुधवार को गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.

अधिकारी ने बताया कि मुंबई यातायात पुलिस को मंगलवार को एक गुमनाम संदेश मिला, जिसमें धमकी दी गई है कि अगर अभिनेता ने दो करोड़ रुपये नहीं दिए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि वर्ली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. अधिकारी ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने बांद्रा (पूर्व) निवासी आजम मोहम्मद मुस्तफा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. उस पर सलमान खान को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने और उनसे दो करोड़ रुपये मांगने का आरोप है.

सलमान खान मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा (पश्चिम) के गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं, जहां अप्रैल में दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने गोलीबारी की थी. इस महीने के प्रारंभ में भी मुंबई यातायात पुलिस की व्हॉट्सऐप हेल्पलाइन डेस्क को एक धमकी भरा संदेश मिला था जिसमें अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. पुलिस ने इस सिलसिले में झारखंड के जमशेदपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था.

मुंबई पुलिस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिस पर सलमान खान और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है. जीशान के पिता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को बांद्रा (पूर्व) में तीन बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.

खान को पहले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकियां मिली थीं. गिरोह के संदिग्ध सदस्यों ने इस साल अप्रैल में अभिनेता के बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की थी. कुछ माह पहले, नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गिरोह द्वारा खान को मारने की साजिश का पर्दाफाश किया था, जिसके बाद अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu