समाजवादी पार्टी की टोपी लाल, कारनामे काले: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 29 Aug 2024 05:11 PM
समाजवादी पार्टी की टोपी लाल, कारनामे काले: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ
ऑडियो सुनें

कानपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की ‘टोपी लाल लेकिन कारनामे काले’ हैं। मुख्यमंत्री ने कानपुर के चुन्नीगंज में एक सभा में सपा पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने 750 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा, ”समाजवादी पार्टी के कारनामों से हर कोई परिचित है। पन्ने पलटेंगे तो पाएंगे कि इनका इतिहास काले कारनामों से भरा है। समाजवादी पार्टी की टोपी लाल, लेकिन कारनामे काले हैं। उन्होंने कहा, ह्लये लोग इतिहास को दोहरा रहे हैं। गुंडागर्दी, अराजकता, बेटी, व्यापारी की सुरक्षा पर खतरा पैदा करना इनकी पहचान थी। इनका दिखाने वाला और असली चेहरा अलग-अलग है।

इनकी वजह से सीसामऊ की जनता को उपचुनाव का सामना करना पड़ रहा है।” सीसामऊ विधानसभा सीट से सपा के विधायक इरफान सोलंकी को एक महिला का घर जलाने के मामले में स्थानीय अदालत ने पिछले साल जून में सात साल की सजा सुनायी थी। इसके बाद उनकी सदस्यता रद्द होने के चलते इस सीट पर उपचुनाव होना है।

आदित्यनाथ ने कहा, ”सपा वाले गरीबों की संपत्ति पर कब्जा करते और दंगे भड़काते हैं। यहां उस दिन दंगे भड़काने की साजिश हो रही थी, जब इसी माटी के सपूत राष्ट्रपति कानपुर आए थे, तब सीसामऊ का सपा विधायक (तत्कालीन विधायक इरफान सोलंकी) सीसामऊ व कानपुर को दंगे की आग में झोंकने की साजिश कर रहा था। अब वह अपने कृत्यों की सजा भुगत रहा है। जनता-जनार्दन ने जनादेश पांच वर्ष के लिए दिया था, लेकिन अब उपचुनाव झेलना पड़ रहा है।”

उन्होंने कहा, ”अयोध्या में सपा का नेता निषाद बेटी की इज्जत से खिलवाड़ करता है, लेकिन सपा मुखिया उस बेशर्म के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय बेशर्मी से उसका समर्थन कर रहे थे। लखनऊ में एक बेटी पिता के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थी तब बरसात में पानी भरने पर सपा के गुंडे बेटी को परेशान करने लगे। तब इनके एक नेता ने सदन में कहा था कि सद्भावना ट्रेन चलनी चाहिए, जिसपर मैंने कहा था कि माफिया-गुंडों के लिए सद्भावना नहीं, बुलेट ट्रेन चलेगी।”

मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर सपा से जुड़े नवाब ंिसह यादव को पिछले दिनों कन्नौज में बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किए जाने की ओर इशारा करते हुए कहा, ”सपा का तीसरा मॉडल कन्नौज में दिखा। नवाब ब्रांड ही इनकी असली पहचान है। ये अनैतिक तरीके से अर्जित की गई संपत्ति के माध्यम से बेटियों के इज्जत के साथ खिलवाड़ करते हैं। यह आरोपी भी सपा से जुड़ा है।”

आदित्यनाथ ने कांग्रेस को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा, ”लाल इमली कपड़ा मिल कानपुर की पहचान बन चुकी थी, लेकिन यह बंद हो गई है। यह कांग्रेस के बेईमानी व भ्रष्टाचार का स्मारक बन चुका है। नौजवानों को यहां नौकरी व रोजगार मिलना चाहिए था। हजारों लोगों के परिवार का पेट भरा जाना चाहिए था, लेकिन आज वह लाल इमली इनके भ्रष्टाचार का स्मारक बनकर चिढ़ा रही है।

उन्होंने कहा, ह्लहमारी सरकार लाल इमली के पुनरोद्धार के लिए बड़ा पैकेज देने पर विचार कर रही है। हमारी सरकार ने सिक यूनिट को पूरी भूमि व पुनरोद्धार के पैकेज पर आगे विचार किया है।” उन्होंने अपनी सरकार द्वारा बिना भेदभाव के नौकरी दिये जाने का दावा करते हुए कहा, ”बिना सिफारिश और घूस के साढे़ सात वर्ष में साढ़े छह लाख नौजवानों ने सरकारी नौकरी हासिल की। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को सरकार कतई बर्दाश्त नहीं करती।

उनके बाप-दादा, पुरखों की जमीन जब्त करके गरीबों में बंटवाई जा रही है।” आदित्यनाथ ने यह भी कहा, ”सरकार दो वर्ष में दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देगी। इसके अलावा 60 हजार 200 से अधिक नौजवानों के लिए पुलिस भर्ती की प्रक्रिया जारी है।ह्व

उन्होंने कहा कि 50 लाख नौजवानों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी, पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा, मुख्यमंत्री विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से जोड़ा जा रहा है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने साढ़े सात सौ करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने एक हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, 5027 लाभार्थियों को 191 करोड़ का ऋण और 8087 युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav