सतीश कौशिक की मौत: फार्महाउस मालिक की अलग रह रही पत्नी ने लगाया साजिश का आरोप, पुलिस करेगी पूछताछ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Mar 2023 08:20 PM
सतीश कौशिक की मौत: फार्महाउस मालिक की अलग रह रही पत्नी ने लगाया साजिश का आरोप, पुलिस करेगी पूछताछ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने रविवार को कहा कि वह उस फार्महाउस के मालिक की अलग रह रही पत्नी से पूछताछ करेगी जहां अभिनेता-फिल्म निर्माता सतीश कौशिक ने अपनी मौत से एक दिन पहले पार्टी में हिस्सा लिया था. फार्महाउस के मालिक की पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति उससे (कौशिक से) छुटकारा पाने की योजना बना रहा था.

दिल्ली पुलिस आयुक्त को संबोधित एक शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने कौशिक से 15 करोड़ रुपये उधार लिए थे और इसे वापस नहीं करना चाहता था. दिल्ली पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि महिला द्वारा लगाए गए धोखाधड़ी के आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है.

बयान में कहा गया है, ‘‘दक्षिण पश्चिम जिले के एक निरीक्षक स्तर के अधिकारी को मामले की जांच करने के लिए कहा गया है. महिला को पूछताछ के लिए बुलाकर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे.’’ पुलिस द्वारा अभिनेता की मौत में किसी भी तरह की साजिश से इनकार किए जाने के एक दिन बाद यह घटनाक्रम हुआ है. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि मौत का प्रारंभिक कारण दिल का दौरा पड़ना है और मौत का कारण स्वाभाविक प्रतीत होता है.

महिला ने दावा किया कि उसके पति ने उसे कौशिक से मिलवाया था. उसने कहा कि 23 अगस्त, 2022 को अभिनेता दुबई में उनसे मिले थे और उसके पति से 15 करोड़ रुपये वापस मांगे. उसने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘मैं ‘ड्राइंग रूम’ में मौजूद थी, जहां कौशिक और मेरे पति में बहस हुई. मेरे पति ने कौशिक से वादा किया कि वह जल्द ही पैसे चुका देंगे. जब मैंने अपने पति से पूछा, तो उन्होंने दावा किया कि कोविड महामारी के दौरान उन्होंने कौशिक की रकम गंवा दी. मेरे पति ने यह भी कहा कि वह कौशिक से छुटकारा पाने की योजना बना रहे है.’’ कौशिक (66) का बृहस्पतिवार की तड़के गुरुग्राम के एक अस्पताल ले जाते वक्त दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था.

उनकी बुधवार रात को तबीयत बिगड़ी थी और उन्हें दिल्ली से सटे गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) राजीव कुमार ने शनिवार को बताया कि अब तक की पूछताछ में पता चला है कि कौशिक अपने मैनेजर संतोष राय के साथ बुधवार सुबह लगभग 10 बजे दिल्ली आये थे और अपने दोस्त के बिजवासन स्थित घर में ठहरे थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu