कोलकाता में अमित शाह की रैली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 29 Nov 2023 03:19 PM
ऑडियो सुनें

कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह की बुधवार को यहां होने वाली रैली के मद्देनजर शहर पुलिस ने सभी एहतियाती कदम उठाए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि उपायुक्त और सहायक आयुक्त रैंक के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 1,000 से अधिक पुलिस कर्मी एस्प्लेनेड क्षेत्र में तैनात रहेंगे, जहां शाह रैली को संबोधित करने वाले हैं। कोलकाता पुलिस के अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं कि शाह की रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।’’उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में कार्यक्रम स्थल को छह क्षेत्रों में विभाजित किया गया है, जो छह उपायुक्तों की निगरानी में होगा। अधिकारी ने बताया कि सहायक आयुक्त और अन्य पुलिस कर्मी उपायुक्त की सहायता करेंगे।

अधिकारी ने बताया कि शहर में यातायात को सुचारू रखने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है, हालांकि रैली के मद्देनजर आरआर एवेन्यू, डोरिना क्रॉंिसग, बेंटिक स्ट्रीट और वाटरलू स्ट्रीट में यातायात कुछ घंटों के लिए बंद रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने लोगों को सुबह साढ़े ग्यारह बजे से शाम साढ़े चार बजे के बीच शहर के मध्य भाग में सड़कों पर आवाजाही से बचने की सलाह दी है।’’ राज्य प्रशासन ने शुरू में उस स्थान पर भाजपा की रैली का विरोध किया था, जहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस हर साल 21 जुलाई को अपनी ‘शहीद’ रैली आयोजित करती है।
हालांकि, बाद में कोलकाता उच्च न्यायालय की एकल पीठ और खंडपीठ दोनों ने भाजपा के आयोजन के लिए अनुमति दे दी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav