कोलकाता में चिकित्सक के बलात्कार-हत्या मामले के बाद एम्स-पटना की सुरक्षा बढ़ाई गई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 17 Aug 2024 11:57 AM
कोलकाता में चिकित्सक के बलात्कार-हत्या मामले के बाद एम्स-पटना की सुरक्षा बढ़ाई गई
ऑडियो सुनें

पटना: कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ कथित बलात्कार और हत्या की घटना के बाद एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान), पटना में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

एम्स-पटना के कार्यकारी निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गोपाल कृष्ण पाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अधिक महिला सुरक्षा गार्ड को तैनात करने और परिसर में अतिरिक्त 150 सीसीटीवी कैमरे लगाने समेत सुरक्षा के लिए कई कदम उठाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे परिसर में पहले से ही बहुत पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था है। हमने पर्याप्त संख्या में महिला सुरक्षा गार्ड सहित सुरक्षा र्किमयों को तैनात किया है, महत्वपूर्ण स्थानों पर बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की है, लेकिन कोलकाता की घटना के बाद हमने हमारी महिला चिकित्सकों, छात्राओं और मरीजों के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पुख्ता बनाने का फैसला किया है।’’
पाल ने कहा, ‘‘हमने अधिक महिला सुरक्षा गार्ड तैनात करने और 150 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में एक प्रस्ताव विचाराधीन है और इसे प्राथमिकता के आधार पर अंतिम रूप दिया जाएगा। हम किसी प्रकार की अस्पष्टता की स्थिति नहीं छोड़ना चाहते। हम सभी कर्मचारियों और मरीजों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं।’’ पाल ने बताया कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई घटना के सामने आने के बाद वार्डन, विभागाध्यक्ष, अधीक्षक और सुरक्षा पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘छात्रों के ठहरने की व्यवस्था को आरामदायक और सुरक्षित बनाने तथा उन्हें घर से दूर घर जैसा माहौल प्रदान करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की एक सर्मिपत टीम है।’’ पाल के अनुसार, छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छात्रावास के नियमों को और सख्त बनाया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी छात्र को वार्डन और मुख्य वार्डन से पहले से लिखित में ली गई अनुमति के बिना रात के समय अपने कमरे से बाहर नहीं रहना चाहिए। अस्थायी या स्थायी रूप से परिसर छोड़ने के इच्छुक छात्रों को वार्डन से लिखित में इसकी अनुमति लेनी चाहिए।

अनुमति के लिए आवेदन में उनके प्रस्थान और वापसी की तारीख एवं समय, गंतव्य स्थल का उल्लेख और माता-पिता की स्वीकृति होनी चाहिए।’’ कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में पिछले सप्ताह प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर देश भर में आक्रोश फैल गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav