नारायणपुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में सात नक्सली ढेर

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 12 Dec 2024 09:18 PM
नारायणपुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में सात नक्सली ढेर
ऑडियो सुनें

नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो महिला नक्सली समेत सात नक्सली मारे गए. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षा बलों की सराहना की है और कहा है कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक इस खतरे को पूरी तरह से खत्म नहीं कर दिया जाता.

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर दक्षिण अबूझमाड़ के जंगल में तड़के करीब तीन बजे उस समय मुठभेड़ शुरू हुई जब सुरक्षाबलों का एक संयुक्त दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था.
सुंदरराज ने बताया कि क्षेत्र में माड़ डिवीजन के नक्सलियों की मौजूदगी के आधार पर 10 दिसंबर को शुरू किए गए अभियान में नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान शामिल थे.

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से दो महिला नक्सली समेत सात नक्सलियों के शव बरामद होने के बाद सात घंटे से अधिक समय तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही. अधिकारी ने बताया कि मौके से भारी मात्रा में हथियार और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गईं. उन्होंने बताया कि सुरक्षाबल के जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं और क्षेत्र में तलाशी अभियान अब भी जारी है.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के साथ ही इस साल अब तक छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के नारायणपुर समेत सात जिलों में अलग-अलग मुठभेड़ों में 215 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा , “यह निश्चित रूप से सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी सफलता है. मैं अभियान में शामिल सभी जवानों की बहादुरी को सलाम करता हूं और बधाई देता हूं. नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी.” भाषा सं संजीव नोमान

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital