राहुल से हफलनामा मांगने पर शशि थरूर ने निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 11 Aug 2025 08:10 PM
राहुल से हफलनामा मांगने पर शशि थरूर ने निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर चुनाव में धांधली के उनके आरोपों को लेकर हमला किए जाने के लिए सोमवार को निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा और कहा कि यह संवैधानिक संस्था जवाब देने के बजाय शपथ और हलफनामे जैसी औपचारिकताओं में उलझ रही है.

थरूर ने बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण और कथित ”वोट चोरी” के खिलाफ विपक्षी सांसदों की ओर से निकाले गए विरोध मार्च में हिस्सा लिया. उन्होंने कहा, ”हमें जवाब चाहिए, हमले नहीं.” थरूर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग से कई गंभीर सवाल पूछे. उन गंभीर सवालों के गंभीर जवाब दिए जाने चाहिए. निर्वाचन आयोग जवाब देने के बजाय, शपथ जैसी औपचारिकताओं पर जोर दे रहा है.” पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं लगता कि इसके लिए कोई कारण है… उन्हें इस पर जोर देने की जरूरत नहीं है. दूसरी बात, राहुल जी जिस डेटा का हवाला दे रहे हैं, वह निर्वाचन आयोग का डेटा है. निर्वाचन आयोग अपने डेटा को देख सकता है.”

थरूर ने कहा, ”मुझे लगता है कि औपचारिकताओं में उलझने के बजाय, उन्हें (निर्वाचन आयोग) लोगों के मन में उठ रहे गंभीर संदेह का समाधान करना चाहिए, क्योंकि चुनाव प्रणाली की शुचिता हमारे लोकतंत्र के लिए आवश्यक और महत्वपूर्ण है. यह इतनी कीमती है कि हम इससे छेड़छाड़ नहीं कर सकते.” उन्होंने कहा, ”इसलिए मेरा स्पष्ट रूप से मानना है कि जो सवाल पूछे गए हैं, उनके जवाब दिए जाने चाहिए. इस मामले में यही सब कुछ है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu