शिंदे ने भाजपा के मुख्यमंत्री पद संबंधी वादे से पीछे हटने के उद्धव ठाकरे के दावे को किया खारिज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Aug 2022 05:37 PM
शिंदे ने भाजपा के मुख्यमंत्री पद संबंधी वादे से पीछे हटने के उद्धव ठाकरे के दावे को किया खारिज
ऑडियो सुनें

ठाणे. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें बताया कि अगर उन्होंने (शाह) शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से 2019 में पार्टी के नेता को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया होता, तो वह इससे पीछे क्यों हटते. ठाणे जिले में एक कार्यक्रम के बाद शनिवार देर रात शिंदे ने कहा कि वह जल्द ही उत्तर प्रदेश में अयोध्या का दौरा करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही राज्य में मंत्रिमंडल का अगला विस्तार किया जएगा.

शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद मंत्रिमंडल का पहला विस्तार किया गया और कई कारकों के चलते इसमें देरी हुई. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे मुख्यमंत्री बनाने में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने बड़ा दिल दिखाया. भाजपा हमेशा सत्ता के पीछे नहीं भागती.’’ शिंदे ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में नई दिल्ली में अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी.

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, ‘‘चर्चा के दौरान, शाह ने मुझसे कहा कि हमने (भाजपा) नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया, जबकि उनकी (नीतीश) पार्टी जद (यू) के पास विधायकों की संख्या भाजपा से कम थी. महाराष्ट्र में अगर हमने आपसे (शिवसेना से) वादा किया होता, तो हम इससे पीछे क्यों हटते.’’ महाराष्ट्र में 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के 105 और शिवसेना के 56 सीट जीतने के बाद उद्धव ठाकरे ने दावा किया था कि भाजपा ने शिवसेना के साथ बारी-बारी से मुख्यमंत्री पद साझा करने के अपने वादे को पूरा नहीं किया. शिवसेना ने बाद में राज्य में सरकार बनाने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस के साथ गठजोड़ किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu