जर्मनी के ‘यहोवा विटनेस किंगडम हॉल’ में गोलीबारी, कई लोग हताहत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 Mar 2023 08:06 PM
जर्मनी के ‘यहोवा विटनेस किंगडम हॉल’ में गोलीबारी, कई लोग हताहत
ऑडियो सुनें

बर्लिन. उत्तरी जर्मनी के हैम्बर्ग शहर में बृहस्पतिवार शाम ‘यहोवा विटनेस किंगडम हॉल’ में हुई गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हुए हैं. पुलिस ने यह जानकारी दी. ‘यहोवा विटनेस किंगडम हॉल’ एक तीन मंजिला इमारत में स्थित है.

हल्की बर्फबारी के बीच शुक्रवार को सुबह कई जांचकर्ताओं को इमारत के बाहर देखा गया. आठ लोगों के मारे जाने की जानकारी पुलिस की वेबसाइट में दी गई है और हमले के कारण के बारे में कुछ नहीं बताया गया है. इससे पहले पुलिस के प्रवक्ता होल्गर वेरेन ने जर्मनी के दूसरे सबसे बड़े शहर ग्रॉस बोरस्टेल में गोलीबारी की घटना के बारे में बताया था, ‘‘हमें अभी तक केवल यह पता चला है कि कई लोगों की जान गई है और कई घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है.’’ उन्होंने कहा था कि उन्हें घायलों की हालत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है.

हैम्बर्ग पुलिस ने शुक्रवार को सुबह ट्वीट किया कि उनका मानना है कि गोलीबारी में एक ही हमलावर शामिल था और इसलिए धीरे-धीरे इलाके से बल को वापस बुलाया जा रहा है. पुलिस ने कहा, ‘‘ हमले के मकसद को पता लगाने के लिए जांच जारी है.’’ हैम्बर्ग पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर में एक संवाददाता सम्मेलन बुलाकर घटना से जुड़ी जानकारी साझा की जा सकती है.

वेरेन ने बताया कि पुलिस को स्थानीय समयानुसार रात करीब सवा नौ बजे गोलीबारी की सूचना मिली और वह तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने देखा कि भूतल पर कई लोग थे, जिन्हें गोलियां लगी थीं. पुलिस र्किमयों ने ऊपर की मंजिल से गोली की आवाज सुनी, जहां उन्हें एक व्यक्ति मृत मिला, जिसे गोली लगी थी. ऐसा माना जा रहा है कि वह हमलावर हो सकता है.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपनी ओर से कोई गोलीबारी नहीं की. पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को तड़के बताया कि वे अब भी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि मामले में कोई और भी तो शामिल नहीं था. ‘यहोवा विटनेस’ एक अंतरराष्ट्रीय गिरजाघर का हिस्सा है. अमेरिका में 19वीं शताब्दी में इसकी स्थापना की गई थी. इसका मुख्यालय न्यूयॉर्क के वार्विक में है. यह दुनियाभर में अपने 87 लाख अनुयायी होने का दावा करता है, जिनमें से करीब 1,70,000 जर्मनी में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu