सिंगापुर: यात्री पर नस्लवादी टिप्पणी को लेकर चीनी कैब चालक निलंबित…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 27 Sep 2023 03:47 PM
सिंगापुर: यात्री पर नस्लवादी टिप्पणी को लेकर चीनी कैब चालक निलंबित…
ऑडियो सुनें

सिंगापुर: सिंगापुर में चीन के एक कैब ड्राइवर द्वारा एक महिला और उसकी बेटी को भारतीय मूल का नागरिक समझकर उन पर कथित रूप से नस्लभेदी टिप्पणी करने के बाद निजी कार संचालन कंपनी ‘टाडा’ ने उसे निलंबित कर दिया है। कंपनी ने यह जानकारी दी।

कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि घटना की गहन जांच के बाद चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई। घटना का वीडियो एक यात्री और उसकी छोटी बेटी ने रिकार्ड किया था। पिछले शनिवार को जान होडेन नामक एक महिला ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर दो वीडियो अपलोड किए थे। वीडियो में उनके और कैब चालक के बीच हुई बहस को दिखाया गया था। होडेन ने टाडा ऐप का स्क्रीनशॉट भी साझा किया था।

होडेन (46) ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि बहस की शुरुआत तब हुई जब चालक ने उस पर गलत दिशा बताने का “आरोप” लगाया। महिला ने दावा किया कि उसने चालक को कुछ भी नहीं कहा था। बाद में, चालक और होडेन के बीच बहस और बढ़ गई। जिसके बाद चालक ने यात्री पर नस्लभेदी टिप्पणी की।

वीडियो सामने आने के बाद कंपनी ने मंगलवार को अपने बयान में कहा कि चालक की नस्लीय टिप्पणी मंच के सामुदायिक दिशानिर्देशों और लोकाचार के साथ “पूरी तरह से अस्वीकार्य” है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav