पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, पांच चीनी नागरिकों सहित छह मारे गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Mar 2024 07:52 PM
पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, पांच चीनी नागरिकों सहित छह मारे गए
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के अशांत पश्चिमोत्तर प्रांत खैबर-पख्तूनख्वा में मंगलवार को विस्फोटक से भरे एक वाहन ने एक बस को टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार कम से कम पांच चीनी नागरिकों सहित छह व्यक्तियों की मौत हो गई. यह जानकारी अधिकारियों ने दी. ये चीनी नागरिक दासू जलविद्युत परियोजना पर काम कर रहे थे.

पुलिस ने बताया कि प्रांत के शांगला जिले के बिशम इलाके में हुई घटना में कई अन्य घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब इस्लामाबाद से कोहिस्तान जा रही एक बस को विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मुहम्मद अली गंडापुर ने घटना और मरने वालों की संख्या की पुष्टि की और कहा कि यह संभवत: एक आत्मघाती हमला था. गंडापुर ने मीडिया को बताया, ”हमले में पांच चीनी नागरिक और उनका पाकिस्तानी चालक मारा गया.” अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

गृह मंत्री मोहसिन नकवी यहां स्थित चीनी दूतावास पहुंचे और चीनी राजदूत जियांग जैदोंग से मुलाकात की. उन्होंने संवेदना व्यक्त की और राजदूत को यह भी आश्वासन दिया कि पाकिस्तान सरकार दोषियों को न्याय के कटघरे में लाएगी. पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की कड़ी निंदा की और चीनी नागरिकों की मौत पर ‘गहरा दुख’ व्यक्त किया. उन्होंने एक बयान में कहा, ”पाकिस्तान विरोधी तत्व पाकिस्तान-चीन दोस्ती को नुकसान पहुंचाने में कभी सफल नहीं होंगे.” जरदारी ने चीनी नागरिकों के परिवारों और पड़ोसी देश की सरकार के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की.

इस बीच, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी हमले की जगह पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की. उन्होंने शवों को निकालने में भी मदद की. ‘डॉन डॉट कॉम’ ने बिशम थाना प्रभारी (एसएचओ) बख्त जहीर के हवाले से बताया कि घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और शवों को अस्पताल ले जाया जा रहा है.

एसएचओ ने कहा, ”हम जांच करेंगे कि आत्मघाती हमलावर का वाहन कहां से और कैसे आया और यह कैसे हुआ.” शांगला, कोहिस्तान के करीब है, जहां 2021 में एक आतंकवादी हमले में नौ चीनी समेत 13 लोग मारे गए थे. साठ अरब अमेरिकी डॉलर वाले चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे के तत्वावधान में चल रही कई परियोजनाओं पर हजारों चीनी कर्मी पाकिस्तान में काम कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu