कार और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत

शाहजहांपुर: शाहजहांपुर जिले में कार और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक व्यक्त किया है।

पुलिस ने बताया कि हादसा बुधवार रात करीब 10 बजे बरेली-इटावा मार्ग पर बरखेड़ा जयपाल चौराहे के पास हुआ जब जिले के कांट कस्बे के निवासी रियाजुल अली अपने परिवार के साथ कार से दिल्ली जा रहे थे तभी सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई।

पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार सवारों को बाहर निकाला और उन्हें मदनापुर के सरकारी अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया तथा पांच अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर कर दिया।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान एक अन्य घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान रियाजुल (45), आमना (42), गुड़िया (नौ), तमन्ना (32), नूर (छह) और गुलफ्सा (25) के रूप में हुई है।

राजकीय मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नेपाल ंिसह ने कहा, ‘‘मदनापुर के हादसे में घायल पांच लोगों को यहां लाया गया था जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक गंभीर मरीज को बरेली रेफर किया गया है। यहां भर्ती तीन घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।’’ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप ंिसह तथा पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी रात में मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतक रियाजुल के चाचा शमशेर अली ने बताया कि रियाजुल दिल्ली में रहकर ही कपड़ों का कारोबार करता था और दो दिन पहले एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के साथ यहां आया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button