चौथे टेस्ट में भी कप्तान होंगे स्मिथ, कमिंस बीमार मां के पास आस्ट्रेलिया में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Mar 2023 08:05 PM
चौथे टेस्ट में भी कप्तान होंगे स्मिथ, कमिंस बीमार मां के पास आस्ट्रेलिया में
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. आस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस अपनी बीमार मां के पास आस्ट्रेलिया में ही हैं और उनकी गैर मौजूदगी में चौथे और आखिरी टेस्ट में स्टीव स्मिथ ही कप्तानी करेंगे. कमिंस की अनुपस्थिति में स्मिथ ने इंदौर टेस्ट में भी टीम की कमान संभाली थी . दिल्ली टेस्ट के बाद कमिंस अपनी मां के बीमार होने के कारण स्वदेश रवाना हो गए थे . क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने बताया कि कमिंस अब भी सिडनी में ही हैं .

आखिरी टेस्ट के बाद तीन वनडे मैच खेले जाने हैं और कमिंस के खेलने को लेकर फैसला बाद में होगा . स्मिथ की कप्तानी में आस्ट्रेलिया ने इंदौर टेस्ट नौ विकेट से जीता था . भारत श्रृंखला में 2 . 1 से आगे है और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के लिये क्वालीफाई करने के लिये उसे आखिरी टेस्ट जीतना ही होगा . आस्ट्रेलिया जून में लंदन में होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिये क्वालीफाई कर चुका है .

स्मिथ ने इंदौर टेस्ट के बाद कहा कि उन्होंने कप्तानी का पूरा मजा लिया लेकिन यह कमिंस की टीम है . उन्होंने कहा ,‘‘मेरा समय निकल गया . अब यह पैट की टीम है . उसे कठिन हालात में घर जाना पड़ा . हमारी संवेदनायें उसके साथ हैं .’’ उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे भारत में कप्तानी करना पसंद है . हर गेंद रोमांचक होती है और काफी मजा आता है .’’ वेबसाइट ने यह भी बताया कि 17 मार्च से शुरू हो रही वनडे श्रृंखला के लिये चोटिल झाय रिचर्डसन की जगह नाथन एलिस टीम में होंगे .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu