शाहरुख, सलमान और आमिर से अपने संबंधों पर बोले सनी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Dec 2023 06:38 PM
शाहरुख, सलमान और आमिर से अपने संबंधों पर बोले सनी
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता सनी देओल का कहना है कि शाहरुख खान के साथ उनके संबंध समय के साथ परिपक्व हुए हैं, सलमान खान के साथ भावनात्मक जुड़ाव रहा है और आमिर खान के साथ आगामी फिल्म को लेकर वह काफी उत्सुक हैं. मीडिया में आईं खबरों के अनुसार, 1993 में फिल्म ‘डर’ में काम करते समय सनी का अनुभव अच्छा नहीं रहा था, जिसमें शाहरुख ने खलनायक की भूमिका निभाई थी. यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जूही चावला ने भी अभिनय किया था. रविवार को इस फिल्म को 30 साल पूरे हो गए.

सितंबर में ‘गदर 2’ की सफलता में आयोजित समारोह में सनी और शाहरुख को साथ फोटो खिंचवाते और एक-दूसरे से गले मिलते देखा गया था. सनी (66) ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, “मैं उनका (शाहरुख) बहुत आभारी हूं. मुझे उनसे हुई बात याद है और वह (जवान के) प्रचार के सिलसिले में दुबई में थे. मैंने सोचा कि वह नहीं आएंगे, लेकिन वह सीधे वहां से आए. वह कुछ देर वहां रुके. उसके (पार्टी) बाद मुझे उनसे मिलने या बात करने का मौका नहीं मिला, लेकिन जब मिलेगा तो यह बहुत अच्छा होगा.”

उन्होंने कहा, “हम कलाकारों के बीच समय के साथ कुछ चीजें (होती) हैं. जब हम युवा होते हैं, तो थोड़े मतभेद होते हैं और जैसे-जैसे समय बीतता है, हम परिपक्व होने लगते हैं तथा समझने लगते हैं कि वास्तविक जीवन क्या होता है. हम सभी में काफी बदलाव आए हैं. यह बहुत अच्छी चीज है. समय के साथ सबकुछ ठीक हो जाता है.” फिल्म ‘जीत’ में साथ अभिनय करने वाले सलमान के बारे में उन्होंने कहा कि वह हाल में उनसे मिले थे. सनी के भाई बॉबी देओल और पिता धर्मेंद्र से भी सलमान खान के करीबी संबंध हैं.

सनी देओल ने कहा, “हमने गोवा में करीब दो-तीन घंटे गुजारे. हमने काफी हंसी-मजाक किया. हमने साथ में कुछ करने को लेकर भी बात की. वह (सलमान) बहुत खुश थे. मुझे याद है कि उन्होंने एक बार मुझे फोन किया था और उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए बताया था कि वह मुझे कितना प्यार करते हैं. हमारे बीच ऐसा ही जुड़ाव है.” सनी की अगली फिल्म ‘लाहौर, 1947’ है, जिसके निर्माता आमिर खान हैं. विभाजन पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, “आमिर ने भी समारोह में शिरकत की थी और कहा था कि मैं कल आपसे मिलना चाहता हूं. इसके बाद हमने मुलाकात कर एक फिल्म (लाहौर,1947) पर बात की. यह काफी भावुक और खूबसूरत पल था.” सनी और आमिर ने एक साथ किसी फिल्म में काम नहीं किया है, लेकिन वे संतोषी की अलग-अलग फिल्मों में काम कर चुके हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu