कांकेर जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने की तीन ग्रामीणों की हत्या…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 02 Nov 2023 09:30 PM
कांकेर जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने की तीन ग्रामीणों की हत्या…
ऑडियो सुनें

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के एक गांव में संदिग्ध नक्सलियों ने महाराष्ट्र पुलिस के लिए मुखबिरी करने के संदेह में तीन ग्रामीणों की कथित तौर पर हत्या कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान में कहा कि उन्हें घटना के बारे में सूचना मिली है तथा इस संबंध में और अधिक जानकारी एकत्र की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पड़ोसी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से सटे छोटेबेठिया पुलिस थाना (कांकेर) के मोरखंडी गांव के निवासी कुल्ले कतलामी (35), मनोज कोवाची (22) और डुग्गे कोवाची (27) की नक्सलियों ने कथित तौर पर हत्या कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर फेंके गए पर्चे में माओवादियों ने दावा किया कि तीनों महाराष्ट्र पुलिस की विशेष नक्सल विरोधी इकाई सी-60 के लिए मुखबिर के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को दोपहर तीन बजे कांकेर शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करने वाले हैं। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में होगा। कांकेर जिले में पहले चरण में सात नवंबर को मतदान होगा, जबकि अन्य 70 सीटों पर 17 नवंबर को दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav