तमिलनाडु: स्कूल में अवैध प्रवेश कर शाखा आयोजित करने पर RSS स्वयंसेवक हिरासत में लिये गये

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Oct 2025 09:22 PM
तमिलनाडु: स्कूल में अवैध प्रवेश कर शाखा आयोजित करने पर RSS स्वयंसेवक हिरासत में लिये गये
ऑडियो सुनें

चेन्नई. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों को यहां एक सरकारी स्कूल के परिसर में ”अवैध रूप से प्रवेश” कर शाखा आयोजित करने के आरोप में हिरासत में लिया गया और बाद में रिहा कर दिया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. अवाडी पुलिस आयुक्त कार्यालय के अनुसार, आरएसएस के लगभग 40 स्वयंसेवक अय्यप्पनथंगल में एक सरकारी स्कूल के परिसर में घुस गए और वहां शाखा आयोजित की.

अवाडी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ”स्कूल अधिकारियों की शिकायत के बाद हमने स्कूल में जबरन घुसने के संबंध में मामला दर्ज किया है.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक)-नीत सरकार पर उसकी “राष्ट्र-विरोधी सोच” तथा आरएसएस की देशभक्तिपूर्ण गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आरोप लगाया.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा कि आरएसएस कार्यकर्ताओं के नि:स्वार्थ, देशभक्तिपूर्ण कार्य को पुलिसिया मामलों और गिरफ्तारी से दबाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि संघ की शाखा चेन्नई के उस स्थान पर कई वर्षों से बिना किसी व्यवधान के लगाई जा रही है.

भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मैं चेन्नई के एक मैदान में शांतिपूर्ण तरीके से शाखा का संचालन कर रहे आरएसएस स्वयंसेवकों को गिरफ्तार करने के लिए तमिलनाडु सरकार की कड़ी निंदा करती हूं. वहां पर पिछले कई वर्षों से शाखा का आयोजन हो रहा है, लेकिन आज विजयादशमी के दिन, जो आरएसएस के 100वें शताब्दी वर्ष समारोह का प्रतीक है-यह गिरफ्तारी अत्यधिक निंदनीय और अलोकतांत्रिक है.” उन्होंने स्वयंसेवकों को जल्द रिहा किए जाने की अपील की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu