छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री के काफिले में किशोर ने वाहन का कांच तोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Aug 2023 06:22 PM
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री के काफिले में किशोर ने वाहन का कांच तोड़ा
ऑडियो सुनें

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के काफिले में एक वाहन का कांच एक किशोर ने अपने हाथ में पहने धातु के कड़े से कथित तौर पर क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार शाम की है और पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया. गृह मंत्री के अनुरोध पर पुलिस ने किशोर के साथ बातचीत (काउंसलिंग) करने के बाद उसे छोड़ दिया.

पुलिस के अनुसार किशोर ने कथित तौर पर गुस्से में आकर इस घटना को अंजाम दिया क्योंकि शनिवार शाम को भिलाई शहर के रिसाली इलाके में मंत्री एक कार्यक्रम में शिरकत के लिए आ रहे थे और उनके स्वागत में की गई आतिशबाजी में किशोर के पिता मामूली रूप से झुलस गए थे. यह कार्यक्रम साहू के जन्मदिन के एक दिन पहले उनके समर्थकों ने आयोजित किया था.

दुर्ग के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने कहा कि यह घटना तब हुई जब मंत्री एक मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे और उनके काफिले में शामिल वाहन मंदिर के बाहर खड़े थे. उन्होंने बताया कि वहां मौजूद लोग आतिशबाजी कर रहे थे और उसी वक्त एक पटाखे का टुकड़ा किशोर के पिता को लग गया. सिन्हा के अनुसार किशोर वाहनों के पास खड़ा था और गुस्से में आकर उसने वाहन के पीछे वाले शीशे पर जोर से एक अपना हाथ मारा और हाथ में पहने कड़े से कांच टूट गया.

उन्होंने बताया कि किशोर ने वहां से फरार होने की कोशिश की लेकिन वहां मौजूद पुलिसर्किमयों ने उसे पकड़ लिया. सिन्हा के अनुसार कारण जानने पर राज्य के गृह मंत्री ने उसे समझाकर जाने देने का आग्रह किया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने किशोर और उसके पिता से बातचीत की. पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu