महुआ मोइत्रा के साथ अपनी तस्वीर काटकर प्रसारित करने की थरूर ने की आलोचना, ‘ओछी राजनीति’ बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Oct 2023 07:22 PM
महुआ मोइत्रा के साथ अपनी तस्वीर काटकर प्रसारित करने की थरूर ने की आलोचना, ‘ओछी राजनीति’ बताया
ऑडियो सुनें

कोट्टयम. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उन तस्वीरों को काटकर इंटरनेट पर प्रसारित किये जाने की सोमवार को आलोचना की, जिनमें उन्हें तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के साथ देखा जा सकता है. उन्होंने इसे ‘ओछी राजनीति’ करार दिया. तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य थरूर ने कहा कि वह मोइत्रा के जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे, जिसमें उनकी बहन समेत करीब 15 लोग मौजूद थे. थरूर ने कहा कि जन्मदिन पार्टी में ली गयी तस्वीर को काटकर (क्रॉप करके) उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.

उन्होंने कहा, ”यह ओछी राजनीति है. यह उस बच्ची (महुआ) की जन्मदिन पार्टी थी. माना वह बच्ची नहीं है, लेकिन मेरे लिए वह उसी तरह है. वह सांसद (महुआ), मुझसे 20 साल छोटी हैं.” थरूर ने कहा, ”उनकी जन्मदिन पार्टी में करीब 15 लोग शामिल हुए थे, जिनमें मेरी बहन भी थीं. पूरी तस्वीर दिखाने के बजाय वे लोग उसके कटे हुए हिस्से को प्रसारित कर रहे हैं.” कांग्रेस सांसद ने कहा कि वह इस तरह के लोगों को तवज्जो नहीं देते और जनता के लिए काम करने में व्यस्त रहते हैं.

उन्होंने कहा, ”वे इसे निजी मुलाकात की तरह दिखा रहे हैं, अगर ऐसा था तो, फिर तस्वीर किसने खींची.” मोइत्रा ने भी पहले कहा था कि भारतीय जनता पार्टी की ‘ट्रोल सेना’ द्वारा सोशल मीडिया पर डाली जा रहीं उनकी कुछ निजी तस्वीरों को देखकर उन्हें हंसी आ रही है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”मुझे सफेद ब्लाउज से ज्यादा हरी ड्रेस पहनना बेहतर लगता है. और तस्वीर काटने की क्या जरूरत है. रात्रिभोज में शामिल अन्य लोगों को भी तो दिखाया जाए. बंगाल की महिलाएं अपना जीवन (लाइफ) जीती हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu