चेकिंग के दौरान आमजनों को किसी भी तरह की असुविधा न हो…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 25 Oct 2023 11:40 AM
चेकिंग के दौरान आमजनों को किसी भी तरह की असुविधा न हो…
ऑडियो सुनें

गरियाबंद: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गरियाबंद जिले के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक श्री एस ईश्वर ने कल रविवार को राजिम विधानसभा अंतर्गत अंतरजिला चेक पोस्ट कुटेना, राजिम एवं जामगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां तैनात एसएसटी टीम से जानकारी लेकर संधारित पंजी का अवलोकन भी किया।

उन्होंने 24 घंटे सतत निगरानी के निर्देश दिए और किसी भी तरह के अवैध परिवहन और निकासी पर कड़ी नजर रखते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। व्यय प्रेक्षक श्री ईश्वर ने इन चेकपोस्ट में विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत की जा रही कार्यवाही का जायजा लिया।

उन्होने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से चेकपोस्ट में अब तक की गई कार्यवाही के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मार्ग से गुजरने वाली सभी वाहनों का अनिवार्य रूप से जांच करने के निर्देश दिए। जिससे कि निर्वाचन के दौरान अवैध रूप से नगदी, शराब अथवा अन्य कोई भी सामान जो कि मतदाताओं को प्रलोभन के लिए दिया जा सकता है उसकी रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

उल्लेखनीय है कि कुटेना चेक पोस्ट जिला धमतरी जाने वाली सड़क मार्ग पर तथा राजिम चेकपोस्ट जिला रायपुर एवं जामगांव चेकपोस्ट जिला महासमुंद की सीमा पर स्थित है। उन्होंने कहा कि चेकिंग के दौरान यह ध्यान रखे कि आमजनों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। इस अवसर पर सहायक व्यय प्रेक्षक श्री रंजीत कुमार एवं महेश कुमार धनगर भी मौजूद थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav