सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ नयी लक्ष्मण रेखा खींच दी है: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Aug 2025 07:52 PM
सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ नयी लक्ष्मण रेखा खींच दी है: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ नयी रेखा खींच दी है और अब आतंकवादियों तथा उनके प्रायोजकों को समान सजा दी जाएगी. आतंकवाद पीड़ितों को संबोधित करते हुए सिन्हा ने कहा, ”भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अगर आतंकवाद देश की नीति है, तो इसका सीधा और कड़ा जवाब दिया जाएगा.” उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ नयी लक्ष्मण रेखा खींच दी है और अब आतंकवादियों तथा उनके प्रायोजकों को समान सजा दी जाएगी.” उपराज्यपाल ने आतंकवाद पीड़ितों के 158 करीबी संबंधियों को नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे.

सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”दशकों से जो ज.ख्म थे, वे अब भर रहे हैं. पाकिस्तान सर्मिथत आतंकवादियों द्वारा मारे गए कश्मीरी नागरिकों के 158 परिजनों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए. आज के इस ऐतिहासिक आयोजन ने उन परिवारों को एक राहत प्रदान की है, जो वर्षों से चुपचाप आघात सह रहे थे.” उन्होंने कहा कि तीन दशक से अधिक समय से आतंकवादी देश पाकिस्तान अपने छद्म आतंकवादी संगठनों के माध्यम से निर्दोषों का खून बहा रहा है.

सिन्हा ने कहा, ”आतंकवाद के शिकार परिवारों के लिए न्याय और मरहम का लंबा इंतजार खत्म हो गया है. वे पाकिस्तानी आतंकवादियों की भूमिका और जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी तंत्र का खुलासा करने के लिए सामने आए हैं. शहीद हुए नागरिकों को श्रद्धांजलि और उनके प्रियजनों के साहस और दृढ़ता को सलाम.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu