पति ने अपनी पत्नी की शादी प्रेमी से करायी…

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 04:56 PM
पति ने अपनी पत्नी की शादी प्रेमी से करायी…
ऑडियो सुनें

अगरतला: दक्षिण त्रिपुरा के बिरचंद्रमनु के 33 वर्षीय एक व्यक्ति ने औपचारिक रूप से पत्नी की शादी अपने पड़ोसी से करा दी, जिसके साथ उसके कथित तौर पर आठ साल से प्रेम संबंध थे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उसने इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है, क्योंकि शादी सभी पक्षों की सहमति से और सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में एक मंदिर में हुई थी। बिरचंद्रमनु निवासी नयन साहा ने आठ साल पहले झूमा साहा (27) से शादी की थी। हालांकि, शादी के तुरंत बाद झूमा के अपने पड़ोसी दीपांकर बानिक के साथ प्रेम संबंध हो गए।

चालक के तौर पर काम करने वाले नयन की बार-बार चेतावनी के बावजूद झूमा ने दीपांकर से दूरी नहीं बनायी।
मानापाथर चौकी के प्रभारी जयंत दास ने कहा, ‘‘विवाहेत्तर संबंध के कारण नयन अपनी पत्नी को प्रताड़ित करता था, लेकिन कभी भी घरेलू ंिहसा की कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।’’

दास ने कहा, ‘‘21 अप्रैल की रात को नयन ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को अपने घर में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। हालांकि, झूमा मौके से भागने में सफल रही।’’ उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को, नयन ने खुद ही झूमा और स्थानीय सब्जी विक्रेता दीपांकर की शादी करा दी।

दास ने कहा, ‘‘विवाह स्थानीय मंदिर में ग्रामीणों की उपस्थिति और स्वीकृति के साथ हुआ था।’’ झूमा, जिसके नयन के साथ विवाह से दो बेटे हैं, बच्चों को अपने साथ ले गई है। पुलिस ने यह भी पुष्टि की है कि नयन और झूमा ने स्थानीय अदालत में तलाक के लिए अर्जी दायर की है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital