संघ परिवार के एजेंडे का प्रचार कर रही है ‘द केरल स्टोरी’ : विजयन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Apr 2023 08:25 PM
संघ परिवार के एजेंडे का प्रचार कर रही है ‘द केरल स्टोरी’ : विजयन
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म के निर्माताओं पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि वे फिल्म के जरिए ‘लव जिहाद’ का मुद्दा उठाकर राज्य को धार्मिक अतिवाद के केंद्र के रूप में पेश करने संबंधी संघ परिवार के एजेंडे का प्रचार कर रहे हैं.

विजयन ने कहा कि ‘लव जिहाद’ जैसे विषय को अदालतें, जांच एजेंसियां और यहां तक कि केंद्रीय गृह मंत्रालय भी खारिज कर चुका है.
उन्होंने कहा कि हिंदी फिल्म का ट्रेलर पहली नजर में ऐसा प्रतीत होता है कि मानो इसे सांप्रदायिक ध्रुवीकरण पैदा करने और राज्य के खिलाफ नफरत फैलाने के कथित उद्देश्य से ‘जानबूझकर निर्मित’ किया गया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियों, अदालतों और केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से ‘लव जिहाद’ के मुद्दे को खारिज किए जाने के बावजूद दुनिया के सामने केरल को अपमानित करने के लिए फिल्म के जरिए प्रमुख रूप से इस मुद्दे को उठाया जा रहा है. विजयन ने एक बयान में संघ परिवार पर ‘सांप्रदायिकता का जहरीला बीज बोकर’ राज्य में धार्मिक सद्भाव को नष्ट करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया.

कुछ दिन पहले, राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विपक्षी दल कांग्रेस ने विवादास्पद फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ पर निशाना साधते हुए कहा था कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार समाज में जहर उगलने का लाइसेंस नहीं है और यह फिल्म राज्य के सांप्रदायिक सद्भाव को नष्ट करने का एक प्रयास है.

‘द केरल स्टोरी’ का निर्देशन सुदीप्तो सेन ने किया है. फिल्म में दर्शाया गया है कि किस तरह से केरल की लगभग 32 हजार महिलाओं का कथित रूप से धर्मांतरण किया गया, कट्टरपंथी बनाया गया और भारत तथा दुनिया में आतंकवादी मिशनों में तैनात किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu