पूरी दुनिया कह रही, तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनने जा रहे मोदी : राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 08:27 PM
पूरी दुनिया कह रही, तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनने जा रहे मोदी : राजनाथ
ऑडियो सुनें

जमुई. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को दावा किया कि पूरी दुनिया बोल रही है कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार भी भारत के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष ने बिहार के जमुई जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विदेशों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए निमंत्रण मिल रहे हैं, जो इस बात का पुख्ता सबूत है कि दुनिया मानती है कि सत्ता में उनकी वापसी अपरिहार्य है.

रक्षा मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक ऐसी शक्ति बन गया है, जो सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने में सक्षम है, जैसा कि र्सिजकल स्ट्राइक के दौरान देखा गया था. सिंह ने कहा, ”भारत के वैश्विक कद में वृद्धि का एक और उदाहरण सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारियों (कतर की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी) की मोदी द्वारा उक्त पश्चिम एशियाई देश के प्रमुख को एक टेलीफोन कॉल के बाद की रिहाई है. दिल्ली में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी होने के कुछ घंटों बाद यहां अपने संबोधन में भाजपा के घोषणापत्र समिति के प्रमुख सिंह ने कहा, ”अन्य पार्टियों के विपरीत हम जो वादे करते हैं, उन्हें पूरा करते हैं. चाहे वह अयोध्या में राम मंदिर हो या अनुच्छेद 370 को निरस्त करना हो.”

तीन तलाक के खिलाफ कानून का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा, ”हमने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की आलोचनाओं की परवाह किए बिना इस अमानवीय प्रथा जिससे हमारी मुस्लिम माताओं और बहनों को अनकहा दुख झेलना पड़ता था, पर रोक लगा दी.
हालांकि सिंह ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद को ‘पुराना मित्र’ बताते हुए उनकी बेटी मीसा भारती के हालिया विवादास्पद बयान पर नाराजगी व्यक्त की.

सिंह ने कहा, ”लालू जी के परिवार के सदस्यों का कहना है कि अगर भाजपा सत्ता से बाहर हो गई तो नरेन्द्र मोदी को जेल भेज दिया जाएगा. मुझे उनकी इस सोच पर दया आती है क्योंकि भाजपा चुनाव जीतने जा रही है.” वहीं भारती ने अपने बयान को मीडिया द्वारा तोड़-मरोड़कर पेश किये जाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह चुनावी बॉण्ड पर उच्चतम न्यायालय के फैसले के बारे में बोल रही थीं.

तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने ‘नवरात्रि के दौरान मछली खाने’ का उल्लेख करते हुए कहा, ”आप मछली, सूअर या हाथी खा सकते हैं लेकिन ऐसे समय में जब लोग व्रत कर रहे हों तब आप अपने कृत्य का दिखावा करके क्या साबित करने की कोशिश कर रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu