‘मोहम्मद’ दीपक ने जो किया, उससे बड़ी देशभक्ति कुछ और नहीं: राहुल गांधी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 25 Feb 2026 02:41 PM
‘मोहम्मद’ दीपक ने जो किया, उससे बड़ी देशभक्ति कुछ और नहीं: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने, उत्तराखंड में एक मुस्लिम दुकानदार की मदद करने के बाद ‘मोहम्मद दीपक’ नाम से चर्चा में आए जिम संचालक दीपक कुमार की तारीफ करते हुए कहा है कि उन्होंने जो किया, उससे बड़ी देशभक्ति कुछ और नहीं है। राहुल गांधी ने दीपक से मुलाकात का वीडियो बुधवार को जारी किया। उन्होंने दीपक से बीते सोमवार को मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता वैभव वालिया, दीपक के दोस्त विजय रावत और कुछ अन्य लोग मौजूद थे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने इस मुलाकात का वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया और कहा, ”करोड़ों भारतीय नागरिकों के दिलों में सद्भाव और मोहब्बत की विचारधारा है, मगर मन में भय भी है। दीपक ने उन सभी को अपने साहस से राह दिखाई है। जो लोग नफ़रत फैलाकर समाज को डराने की कोशिश करते हैं, वह दरअसल कायर होते हैं, उनसे कभी भी डरो मत।”

उन्होंने कहा, ”दीपक ने हमारे तिरंगे और संविधान की रक्षा की है। नफ़रत के सामने डटकर खड़े हुए, कमज़ोर की हिफ़ाज़त की, इससे बड़ी देशभक्ति नहीं होती।” बीते 26 जनवरी को उत्तराखंड के कोटद्वार में कपड़ों की दुकान ‘बाबा’ का नाम बदलने के लिए दुकान मालिक वकील अहमद पर दबाव बनाने को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता उनकी दुकान के बाहर जमा हो गए थे।

इसी दौरान अहमद के बेटे मोहम्मद शोएब के मित्र और 42 वर्षीय जिम मालिक दीपक कुमार ने बजरंग दल के इस रवैये का विरोध किया और कार्यकर्ताओं को वहां से हटने पर मजबूर कर दिया। दीपक कुमार के इस कदम की देशभर में सराहना हो रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें ‘भारत का हीरो’ बताया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav