राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी जैसा कोई दूसरा मजबूत नेता नहीं: अजित पवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Aug 2023 08:30 PM
राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी जैसा कोई दूसरा मजबूत नेता नहीं: अजित पवार
ऑडियो सुनें

पुणे. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सोमवार को कहा कि उन्हें आज राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा कोई अन्य मजबूत नेता नहीं दिखता. पुणे में पत्रकारों से बातचीत में अजित पवार ने कहा कि एकनाथ शिंदे-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में शामिल होने के उनके फैसले के लिए कुछ लोग उनकी आलोचना कर सकते हैं, लेकिन कोई व्यक्ति अपने ”अनुभवों” के आधार पर अलग राय रख सकता है.

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार के भतीजे अजित पवार दो जुलाई को पार्टी के आठ विधायकों के साथ शिवसेना-भाजपा सरकार में शामिल हो गए. रविवार को, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि अजित पवार ”लंबे समय के बाद सही जगह” पर आए लेकिन ”बहुत देर से आए.” शाह की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर, अजित पवार ने कहा कि उन्होंने पूर्व में दोहराया था कि राज्य को विकास की दिशा में ले जाने, क्षेत्र में बदलाव लाने, कई मुद्दों का समाधान निकालने और निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके काम पूरा करने में मदद करने के लिए उन्होंने शिवसेना-भाजपा गठबंधन में शामिल होने का निर्णय लिया.

अजित पवार ने कहा, ”आज, मैं व्यक्तिगत रूप से राष्ट्रीय स्तर पर नरेन्द्र मोदी जितना मजबूत कोई दूसरा नेता नहीं देखता. मुझे कोई दूसरा विकल्प नजर नहीं आता. कुछ लोग मेरे पिछले बयानों का हवाला देकर मेरी आलोचना करते हैं, लेकिन कोई आदमी अपने अनुभव के आधार पर अलग-अलग राय रख सकता है.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 500 रेलवे स्टेशनों के पुर्निवकास के लिए 25,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिसमें महाराष्ट्र के 44 रेलवे स्टेशन शामिल हैं. शाह की सराहना करते हुए अजित पवार ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने सहकारिता मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद ”साहसी” फैसले लिए जो पिछले 20 से 22 वर्षों में नहीं लिए गए थे.

शाह की हालिया यात्रा के दौरान उनके साथ निर्वाचन क्षेत्रों की समीक्षा के संबंध में एक बैठक को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”हमने महा-युति (भाजपा, शिवसेना और राकांपा का गठबंधन) पर संक्षिप्त चर्चा की, लेकिन राज्य में केंद्र की 80,000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई.” अजित पवार ने कहा कि शाह से मुलाकात के दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस भी मौजूद थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu