उद्धव ठाकरे का दामन छोड़ेंगे ये छह सांसद, थोड़ी देर में ग्रहण करेंगे शिवसेना की सदस्यता

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 22 Jun 2026 03:23 PM
उद्धव ठाकरे का दामन छोड़ेंगे ये छह सांसद, थोड़ी देर में ग्रहण करेंगे शिवसेना की सदस्यता
ऑडियो सुनें

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी भूचाल आने की संभावना है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका लग सकता है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक ने दावा किया है कि शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद सोमवार को महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो लोकसभा में शिंदे गुट की ताकत सात से बढ़कर 13 सांसदों तक पहुंच जाएगी।

प्रताप सरनाईक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सोमवार दोपहर तीन बजे छह सांसद आधिकारिक तौर पर शिवसेना की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र भी सौंप दिया है। सरनाईक ने इसे ‘ऑपरेशन टाइगर’ का हिस्सा बताया और कहा कि यह अभियान साल के 365 दिन चलता है। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को मानने वाले सांसद अब शिंदे गुट के साथ आ रहे हैं।

क्या है ‘ऑपरेशन टाइगर’ और किसने किया दावा?

प्रताप सरनाईक ने कहा कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत लगातार शिवसैनिक और जनप्रतिनिधि शिंदे गुट में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम संजय राउत का धन्यवाद करते हैं, क्योंकि पहले विधायक हमारी पार्टी में आए और अब सांसद भी आ रहे हैं।” सरनाईक के इस बयान ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि, शिवसेना (यूबीटी) की ओर से इस दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

किन सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने की चर्चा है?

जिन सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने की चर्चा है, उनमें यवतमाल-वाशिम से संजय देशमुख, हिंगोली से नागेश पाटिल अष्टीकर, परभणी से संजय जाधव, शिरडी से भाऊसाहेब वाकचौरे, मुंबई उत्तर-पूर्व से संजय दिना पाटिल और धाराशिव से ओमप्रकाश राजे निंबालकर का नाम शामिल है। ये सभी सांसद हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) की संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद से ही उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।

क्रमांक संभावित सांसद लोकसभा क्षेत्र
1 संजय देशमुख यवतमाल-वाशिम
2 नागेश पाटिल अष्टीकर हिंगोली
3 संजय जाधव परभणी
4 भाऊसाहेब वाकचौरे शिरडी
5 संजय दिना पाटिल मुंबई उत्तर-पूर्व
6 ओमप्रकाश राजे निंबालकर धाराशिव

यूबीटी और शिंदे गुट के नेताओं ने क्या कहा?

शिवसेना (यूबीटी) विधायक महेश सावंत ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जाने वाले गए।” वहीं, शिवसेना एमएलसी डॉ. मनीषा कायंदे ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि जो लोग आ रहे हैं, वे बागी नहीं बल्कि शिवसैनिक हैं और एकनाथ शिंदे ने उनका स्वागत किया है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सोमवार को कुछ अच्छी खबर मिल सकती है।

उद्धव ठाकरे की अगली रणनीति क्या है?
इस सियासी संकट के बीच उद्धव ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करने का फैसला किया है। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत द्वारा साझा कार्यक्रम के मुताबिक, उद्धव ठाकरे 27 जून से महाराष्ट्रव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे। वह यवतमाल, वाशिम, हिंगोली, परभणी, धाराशिव और शिरडी का दौरा करेंगे। माना जा रहा है कि यह दौरा पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश है। ऐसे समय में जब पार्टी के कई सांसदों के शिंदे गुट में जाने की चर्चा है, उद्धव ठाकरे का यह अभियान राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav